कादियां/गुरदासपुर: सेंट वॉरियर्स स्कूल ने कक्षा 10वीं आईसीएसई बोर्ड परीक्षाओं में शत-प्रतिशत परिणाम हासिल कर शिक्षा जगत में एक बार फिर अपनी उत्कृष्ट पहचान कायम की है। छात्रों के बेहतरीन प्रदर्शन ने विद्यालय के मजबूत शैक्षणिक वातावरण, अनुशासित शिक्षा प्रणाली और शिक्षकों के समर्पण को उजागर किया है।
विद्यालय की छात्रा सुखमनप्रीत कौर ने 94 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं अनमोलप्रीत कौर ने 93 प्रतिशत अंकों के साथ दूसरा स्थान प्राप्त किया। इशिकदीप कौर ने 92 प्रतिशत अंक हासिल कर तीसरा तथा सिमरनजीत कौर ने 90 प्रतिशत अंकों के साथ चौथा स्थान प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया।
विषयवार परिणाम भी अत्यंत सराहनीय रहे। छह छात्रों ने पंजाबी विषय में 100 प्रतिशत अंक प्राप्त किए, जबकि शारीरिक शिक्षा विषय में चार विद्यार्थियों ने पूर्ण अंक हासिल किए। इसके अलावा दो छात्रों ने इतिहास एवं नागरिक शास्त्र विषय में 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
विद्यालय के प्राचार्य श्री परमवीर सिंह ने विद्यार्थियों की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि छात्रों की मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन तथा विद्यालय के सकारात्मक शैक्षणिक माहौल का परिणाम है। उन्होंने कहा कि विद्यालय विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए निरंतर प्रयासरत है।
चेयरमैन श्री सज्जन सिंह धंडाल तथा निदेशक श्री सरवन सिंह ने भी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए अभिभावकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि बच्चों की सफलता में माता-पिता का सहयोग और विश्वास अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
विद्यालय प्रबंधन ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए भविष्य में भी उत्कृष्ट शिक्षा, अनुशासन और नैतिक मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।