नई दिल्ली:- भारतीय अरबपति कारोबारी और स्टील किंग कहे जाने वाले लक्ष्मी मित्तल की कंपनी आर्सेलरमित्तल क्रिवी रिह पर रूस द्वारा किए गए मिसाइल हमले में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 14 कर्मचारी घायल हो गए। हमले में मित्तल की कंपनी के प्लांट की कई अहम प्रोडक्शन सुविधाओं को नुकसान पहुंचा है, जिसके चलते प्लांट में उत्पादन गतिविधियों को रोकना पड़ा है।
रिपोर्टों के मुताबिक, यह हमला यूक्रेन के क्रिवी रिह शहर में स्थित देश के सबसे बड़े स्टील प्लांट पर हुआ, जो यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदीमिर जेलेंस्की का पैतृक शहर भी है। रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध के दौरान यह क्षेत्र बार-बार हमलों का निशाना बनता रहा है, लेकिन ताजा हमला औद्योगिक गतिविधियों पर बड़ा प्रभाव डालने वाला माना जा रहा है।
आर्सेलरमित्तल क्रिवी रिह ने एक बयान जारी कर कहा है कि मिसाइल हमले के कारण बिजली उत्पादन और ब्लास्ट फर्नेस ऑपरेशन से जुड़ी प्रमुख सुविधाएं क्षतिग्रस्त हुई हैं। कंपनी के अनुसार, इन अहम यूनिटों को हुए नुकसान के कारण प्रोडक्शन प्रोसेस में बाधा आई है और प्लांट का ऑपरेशन आंशिक रूप से रोकना पड़ा है।
कंपनी ने कहा, "हमले के परिणामस्वरूप ऊर्जा उत्पादन और ब्लास्ट फर्नेस क्षेत्र की मुख्य उत्पादन सुविधाएं क्षतिग्रस्त हुई हैं, जिसके कारण प्लांट की उत्पादन प्रक्रियाएं आंशिक रूप से ठप हो गई हैं।"

बड़े पैमाने पर ड्रोन हमले जारी
यह हमला तब हुआ है जब रूस और यूक्रेन के बीच लंबी दूरी के हमले और तेज हो गए हैं। दोनों पक्ष हाल के दिनों में बड़े पैमाने पर ड्रोन हमले कर रहे हैं और ऊर्जा, औद्योगिक तथा सैन्य बुनियादी ढांचे को निशाना बना रहे हैं।
यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदीमिर जेलेंस्की ने आरोप लगाया कि रूसी सेना लगातार नागरिक और औद्योगिक ढांचे को निशाना बना रही है। उन्होंने दावा किया कि पिछले एक सप्ताह के दौरान रूस ने यूक्रेन के विभिन्न शहरों पर 1,550 से अधिक अटैक ड्रोन, लगभग 1,560 गाइडेड बम और 62 मिसाइलें दागी हैं।
दूसरी ओर, रिपोर्टों के मुताबिक रूसी रक्षा मंत्रालय ने कहा कि क्रिवी रिह स्थित धातुकर्म संयंत्र और कीव के कुछ सैन्य-औद्योगिक प्रतिष्ठान उसके निशानों में शामिल थे। रूस ने यह भी दावा किया है कि उसने यूक्रेन की ओर से दागे गए 822 ड्रोनों को हवा में ही नष्ट कर दिया है।