अंबाला, 18 दिसंबर:- रोटरी क्लब अंबाला सेंट्रल ने मानवता और सेवा की मिसाल पेश करते हुए अंबाला सेंट्रल जेल परिसर स्थित सरकारी स्कूल में पढ़ने वाले जरूरतमंद बच्चों को स्वेटर वितरित किए और  25 छात्राओं का बीमा कराया है। इस बीमा योजना के तहत यदि किसी छात्रा के अभिभावकों के साथ कोई अनहोनी होती है तो उसकी पढ़ाई प्रभावित नहीं होगी।
इस कार्यक्रम में अंबाला के जिला शिक्षा अधिकारी सुधीर कालरा बतौर मुख्य अतिथि मौजूद रहे। उन्होंने स्वयं बच्चों को स्वेटर वितरित किए और रोटरी क्लब अंबाला सेंट्रल की सराहना करते हुए कहा कि क्लब लंबे समय से गर्ल्स एजुकेशन और सरकारी स्कूलों के उत्थान के लिए सराहनीय कार्य कर रहा है। 
जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि रोटरी क्लब अंबाला सेंट्रल ने इस स्कूल को गोद लेकर न केवल पिंक टॉयलेट का निर्माण कराया है, बल्कि स्कूल की मरम्मत और बुनियादी सुविधाओं को भी बेहतर बनाया है। 
रोटरी क्लब अंबाला सेंट्रल के प्रधान राजेश बत्रा ने बताया कि क्लब ने यह संकल्प लिया है कि जिले के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाली छात्राओं को निशुल्क बीमा पॉलिसी उपलब्ध कराई जाएगी। इस मुहिम को पूरे जिले में लागू करने के लिए जिला शिक्षा अधिकारी को लिखित प्रस्ताव भी सौंपा गया है।