संतोखगढ़/ऊना, 17 अप्रैल (राजवीर चोपड़ा):- संतोखगढ़ क्षेत्र में बाहरी प्रवासी लोगों की बढ़ती मौजूदगी को लेकर स्थानीय निवासियों में चिंता का माहौल बनता जा रहा है। क्षेत्र के समाजसेवी लक्की हीरा ने बताया कि हाल के समय में यहां बाहरी लोगों की संख्या में काफी इजाफा हुआ है, लेकिन उनके रहने और आवागमन से संबंधित पर्याप्त जानकारी उपलब्ध नहीं है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बाहरी लोग क्षेत्र में रह रहे हैं, लेकिन यह स्पष्ट नहीं है कि उन्हें किन मकान मालिकों द्वारा किराए पर कमरे या मकान उपलब्ध करवाए गए हैं। लोगों ने आशंका जताई है कि यदि समय रहते इस स्थिति पर ध्यान नहीं दिया गया, तो आने वाले 2 से 4 वर्षों में यह समस्या और गंभीर रूप ले सकती है।
इसके अलावा, संतोखगढ़ में हर बुधवार को लगने वाली किसान मंडी में भी स्थानीय किसानों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। आरोप है कि मंडी में बाहरी और प्रवासी लोगों की अधिक संख्या के कारण स्थानीय किसानों को बैठने और अपने उत्पाद बेचने के लिए पर्याप्त स्थान नहीं मिल पा रहा है।
इसी स्थिति को देखते हुए जागरूक नागरिकों और सामाजिक संस्थाओं ने प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में रह रहे सभी बाहरी लोगों का अनिवार्य रूप से पुलिस वेरिफिकेशन कराया जाए। उनका मानना है कि इससे क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी और किसी भी संभावित खतरे से समय रहते निपटा जा सकेगा।
स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से इस मुद्दे पर शीघ्र ठोस कार्रवाई करने की अपील की है, ताकि संतोखगढ़ को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाए रखा जा सके।
