हरोली/ऊना, 14 मार्च (राजवीर चोपड़ा):- औद्योगिक क्षेत्र टाहलीवाल व आसपास के गांवों में इन दिनों रसोई गैस सिलेंडर को लेकर लोगों में भारी परेशानी देखी जा रही है। पिछले कई दिनों से गैस सिलेंडर की कमी के कारण आम जनता को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि गैस सिलेंडर न मिलने के कारण घरों में खाना बनाना भी मुश्किल हो गया है। 
लोगों का आरोप है कि जब भी वे गैस एजेंसी पर सिलेंडर लेने जाते हैं तो उन्हें यह कहकर वापस भेज दिया जाता है कि गैस खत्म हो चुकी है और अब सिलेंडर केवल उसी व्यक्ति को मिलेगा जिसके मोबाइल पर ओटीपी आया होगा।
हालांकि कई ऐसे लोग भी हैं जिनके मोबाइल पर ओटीपी आने के बावजूद उन्हें गैस एजेंसी से यह कहकर लौटा दिया जाता है कि गैस उपलब्ध नहीं है। 
अजय कुमार, सुखदेव, सखी, रमेश, रमन, सोहन लाल, अमित, काला, लोगों का यह भी आरोप है कि जिन व्यक्तियों की एजेंसी में जान-पहचान होती है या जो किसी प्रभावशाली व्यक्ति के माध्यम से बात करवा देते हैं, उन्हें गैस सिलेंडर मिल जाता है, जबकि आम लोगों को खाली हाथ लौटना पड़ता है।
लोगों का कहना है कि जिला प्रशासन लगातार यह दावा कर रहा है कि गैस सिलेंडरों की कोई कमी नहीं है, लेकिन जमीनी स्तर पर स्थिति इसके विपरीत दिखाई दे रही है। कई गैस एजेंसियों द्वारा गैस सिलेंडर की बुकिंग भी बंद कर दी गई है, जिससे जरूरतमंद लोगों की परेशानी और बढ़ गई है।
स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि मामले की जांच कर गैस वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता लाई जाए, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े और गैस एजेंसियों की मनमानी पर रोक लग सके।
लोगों का कहना है कि यदि स्थिति जल्द नहीं सुधरी तो उन्हें मजबूर होकर इस मुद्दे को लेकर प्रशासन के सामने अपनी आवाज बुलंद करनी पड़ेगी।
जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक डीएफएससी राजीव शर्मा जी का कहना है कि गैस सिलेंडर की कोई कमी नहीं है। जितना पहले गैस सिलेंडर मिलता था उतना ही अब मिल रहा है। रही बात बुकिंग की हमने गैस एजेंसी वालों को बोला हुआ है कि आप अपने सिस्टम में बुकिंग करें ग्राहक को कोई समस्या नहीं आनी चाहिए।