खरड़ (साहिबजादा अजीत सिंह नगर), 11 अक्टूबर, 2026: पंजाब सरकार द्वारा श्री गुरु रविदास जी महाराज के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित विशेष पहल के तहत खरड़ ब्लॉक के गांव मलकपुर और नबीपुर में एलईडी स्क्रीन के माध्यम से 30 मिनट की विशेष डॉक्यूमेंट्री दिखाई गई। इस पहल का उद्देश्य लोगों को श्री गुरु रविदास जी महाराज के जीवन, उनकी शिक्षाओं और समाज को दिए गए संदेश से परिचित करवाना है।

इस संबंध में जानकारी देते हुए खरड़ के उपमंडल मजिस्ट्रेट श्री गुरमीत सिंह ने बताया कि पंजाब सरकार द्वारा श्री गुरु रविदास जी महाराज के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित यह विशेष डॉक्यूमेंट्री गांव-गांव दिखाई जा रही है, ताकि अधिक से अधिक लोग उनके जीवन और विचारधारा के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकें।

उन्होंने कहा कि श्री गुरु रविदास जी महाराज ने अपनी वाणी और शिक्षाओं के माध्यम से समाज को समानता, आपसी भाईचारे, मानवीय सम्मान और सद्भावना का संदेश दिया। उनकी विचारधारा मानवता की सेवा करने तथा समाज से जाति-पाति और भेदभाव को दूर करके समानता पर आधारित समाज बनाने की प्रेरणा देती है।

उन्होंने कहा कि ऐसी पहलों के माध्यम से युवा पीढ़ी को महान गुरु साहिबान के जीवन और शिक्षाओं से जोड़ने के साथ-साथ समाज में आपसी मेल-जोल और सद्भावना की भावना को और मजबूत किया जा सकता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे गुरु साहिबान की शिक्षाओं को अपने जीवन में अपनाएं और समाज में समानता, भाईचारे तथा मानवीय मूल्यों को बढ़ावा देने में अपना योगदान दें।