होशियारपुर- गर्मी के मौसम में बच्चों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए रयात बाहरा इंटरनेशनल स्कूल में "समर केयर" विषय पर सेमिनार का आयोजन किया गया। यह सेमिनार स्कूल की प्रिंसिपल रश्मि शर्मा के नेतृत्व में आयोजित किया गया, जिसमें कक्षा दूसरी से चौथी तक के विद्यार्थियों ने भाग लिया। 
नर्सिंग कॉलेज से प्रोफेसर राज किरण ने विद्यार्थियों को हीट स्ट्रोक के खतरों व इससे बचाव के उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अधिक पसीना आना, दिल की धड़कन तेज होना, जी मिचलाना, उल्टी होना व त्वचा पर दाने होना इसके मुख्य लक्षण हैं। बचाव के लिए उन्होंने बच्चों को गीले कपड़े से शरीर पोंछने, अधिक पानी पीने, हल्का भोजन करने, ढीले कपड़े पहनने व खाली पेट न रहने की सलाह दी। 
इस अवसर पर प्रिंसिपल रश्मि शर्मा ने प्रोफेसर राज किरण का धन्यवाद किया और कहा कि बच्चों के स्वास्थ्य व सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए भविष्य में भी इस तरह के लाभकारी सेमिनार आयोजित किए जाएंगे।