करनाल, 3 फरवरी:- करनाल के होनहार एथलीट एवं भारतीय वायु सेना से सेवानिवृत्त राजेश खन्ना ने 7वीं नेशनल मास्टर्स एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश व जिले का नाम रोशन किया है। 30 जनवरी से 2 फरवरी 2026 तक पटेल स्टेडियम, अजमेर में आयोजित इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश के 17 राज्यों से 1520 पुरुष व महिला एथलीटों ने भाग लिया। 50+ आयु वर्ग में प्रतिस्पर्धा करते हुए राजेश खन्ना ने 4×100 मीटर रिले दौड़ में स्वर्ण पदक, 4×400 मीटर रिले दौड़ में स्वर्ण पदक जीतकर कुल दो स्वर्ण पदक अपने नाम किए।
राजेश खन्ना के इस उत्कृष्ट प्रदर्शन के चलते हरियाणा टीम ने ओवरऑल चैम्पियनशिप का खिताब भी अपने नाम किया। यह उपलब्धि करनाल और हरियाणा दोनों के लिए गर्व का विषय है। राजेश खन्ना भारतीय वायु सेना से रिटायर्ड है। फिलहाल एल्डिको कंपनी पानीपत में डिप्टी मैनेजर के पद पर कार्यरत है।
लगातार बेहतरीन प्रदर्शन के आधार पर राजेश खन्ना का चयन आगामी ओपन वर्ल्ड मास्टर्स गेम्स 2026, जो 6 फरवरी से 15 फरवरी 2026 तक अबू धाबी (यूएई) में आयोजित होंगे, के लिए भी किया गया है। खेल प्रेमियों और सामाजिक संगठनों ने उनकी इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।
करनाल के राजेश खन्ना का राष्ट्रीय स्तर पर परचम दो स्वर्ण पदक जीतकर हरियाणा को दिलाई ओवरऑल चैंपियनशिप
