अंबाला, 29 अक्टूबर (आर. सिंह):- रेलवे कर्मचारियों की त्वरित कार्रवाई से सीटीआई/अंबाला ने एक महिला यात्री का खोया हुआ बैग सुरक्षित बरामद कर उसे वापस लौटा दिया।
रेलवे कर्मचारियों की सतर्कता और समर्पण के चलते एक महिला यात्री का बैग, जो अमृतसर शताब्दी एक्सप्रेस में छूट गया था, सुरक्षित बरामद कर उचित प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे लौटा दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, महिला यात्री ने ट्रेन नंबर 12011 से चंडीगढ़ जाना था, लेकिन वह गलती से ट्रेन नंबर 12013 (अमृतसर शताब्दी एक्सप्रेस) में सवार हो गई। दिल्ली स्टेशन पर अपनी गलती का एहसास होने पर वह जल्दबाजी में ट्रेन से उतर गई और अपना बैग कोच सी-11 में सीट नंबर 44 पर छोड़ गई। ट्रेन के रवाना होने के बाद एक सतर्क सहयात्री ने सीट पर लावारिस बैग देखा और तुरंत रेलवे अधिकारियों को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही ट्रेन स्टाफ ने तेजी से कार्रवाई करते हुए बैग को सुरक्षित अपने कब्जे में ले लिया और निर्धारित सुरक्षा प्रक्रियाओं का पालन करते हुए संबंधित अधिकारियों को सूचित किया। अंबाला कैंट स्टेशन पर ट्रेन के पहुंचने पर मुख्य टिकट निरीक्षक (सीटीआई) अंबाला, दविंदर ने तुरंत कार्रवाई की और ट्रेन नंबर 12013 से बैग सुरक्षित प्राप्त कर ट्रेन नंबर 12011 में यात्री तक पहुंचाने की व्यवस्था की। इस प्रकार रेलवे कर्मचारियों की सतर्कता और समय पर की गई कार्रवाई के कारण महिला यात्री का खोया हुआ सामान सुरक्षित वापस कर दिया गया।
रेलवे प्रशासन ने इस सराहनीय कार्य के लिए संबंधित रेलवे कर्मचारियों और सतर्क सहयात्री की प्रशंसा की है। यह घटना यात्रियों की सहायता के लिए रेलवे कर्मचारियों की जिम्मेदारी, तत्परता और प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
