अंबाला, 15 अक्टूबर (आर. सिंह):- अंबाला से लोकसभा सांसद वरुण चौधरी ने राहुल गांधी और दीपेंद्र हुड्डा के वायरल वीडियो पर स्पष्टीकरण देते हुए कहा कि राहुल गांधी ने दीपेंद्र हुड्डा को धक्का नहीं दिया, बल्कि उन्हें जिम्मेदारी सौंपी है। सांसद आज कांग्रेस कार्यकर्ताओं से मुलाकात करने और जनता की समस्याएं सुनने के लिए अंबाला शहर में थे।

बैठक के दौरान उन्होंने हरियाणा की भाजपा सरकार पर नौकरशाही और सैनिटेशन टेंडरों में पारदर्शिता को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक धन के इस्तेमाल में पारदर्शिता होनी चाहिए। उन्होंने टेंडर दस्तावेजों को सार्वजनिक किए जाने की बात के बावजूद उपलब्ध न कराए जाने पर अनियमितताओं की आशंका जताई और मांग की कि दस्तावेज सार्वजनिक किए जाएं।

दिल्ली में प्रदर्शनकारियों की नाकाबंदी और राहुल गांधी को हिरासत में लिए जाने के मुद्दे पर चौधरी ने आरोप लगाया कि भाजपा लोकतांत्रिक आवाजों को दबाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन नागरिकों का अधिकार है और लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रहेगा।

वरुण चौधरी ने आज रायपुर रानी और नारायणगढ़ की मंडियों का दौरा भी किया। भाजपा सरकार की धान खरीद नीति की आलोचना करते हुए उन्होंने कहा कि हर दाना खरीदने का दावा करने वाली भाजपा सरकार धान की खरीद दाना-दाना करके कर रही है।

उन्होंने कहा कि हरियाणा के प्रत्येक जिले के लिए वातानुकूलित कमरों में बैठकर प्रति एकड़ खरीद सीमा तय कर दी गई है। किसानों के बार-बार अनुरोध करने के बावजूद यह सीमा नहीं हटाई गई। अंबाला जिले के लिए प्रति एकड़ 26 क्विंटल 26 किलोग्राम की खरीद सीमा तय की गई है।

उन्होंने कहा कि खेती कारखाना नहीं है। जिस किसान की उपज 20 क्विंटल प्रति एकड़ होगी, वह 20 क्विंटल और जिसकी उपज 28 क्विंटल प्रति एकड़ होगी, वह 28 क्विंटल धान मंडी में लेकर आएगा। सवाल यह है कि 26 क्विंटल से अधिक उपज होने पर किसान उसे कहां लेकर जाए।

उन्होंने कहा कि पिछले साल 30 क्विंटल के साथ 10 प्रतिशत अतिरिक्त सीमा थी, लेकिन इस बार ऐसा क्या हो गया? उन्होंने मांग की कि लगाई गई शर्त को तुरंत रद्द किया जाए और जिस अधिकारी ने अभी तक पोर्टल का सत्यापन नहीं किया है, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाए।