नवांशहर (देस राज बाली):- चंडीगढ़ के सेक्टर-32 स्थित सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में ‘रक्तदान दिवस’ मनाया गया। इस कार्यक्रम के दौरान रक्तदान करने वालों, देहदान करने वालों के परिवारों और सहयोगी संस्थाओं के प्रतिनिधियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पंजाब एवं चंडीगढ़ के माननीय राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने की।
इस अवसर पर गांव मुबारकपुर के सरदार केसर सिंह को अपनी दिवंगत पत्नी कुलबीर कौर साधड़ा का मरणोपरांत देहदान करने के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया। सेक्टर-32, चंडीगढ़ स्थित अस्पताल की टीम उनकी पत्नी का पार्थिव शरीर पूरे सम्मान के साथ गांव मुबारकपुर स्थित उनके घर से लेकर गई थी।
कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल ने देहदान की प्रक्रिया को सरल बनाने के उपायों पर विस्तार से चर्चा की और देहदान तथा रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डाला।
इस अवसर पर मनदीप सिंह बराड़, डॉ. रवनीत कौर, निदेशक एवं प्रिंसिपल, सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, सेक्टर-32, चंडीगढ़, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि भी मौजूद थे।
राज्यपाल द्वारा गांव मुबारकपुर के केसर सिंह साधड़ा को सम्मानित किए जाने पर गांववासियों, नंबरदार रावल सिंह, जोगा सिंह साधड़ा, देस राज बाली नंबरदार, गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान महिंदर सिंह और चरणजीत सिंह ने आभार व्यक्त किया।
