संगरूर:- कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बुधवार को पंजाब की आम आदमी पार्टी (आप) सरकार पर विभिन्न मुद्दों को लेकर तीखा हमला बोलते हुए ‘चिट्टे’ (मिलावटी हेरोइन) को राज्य की एक बड़ी समस्या बताया।
अगले साल की शुरुआत में होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए कांग्रेस के प्रचार अभियान का आगाज करते हुए राहुल गांधी ने संगरूर में आयोजित ‘इंसाफ रैली’ के दौरान कहा, “पंजाब में चिट्टा एक बहुत बड़ी समस्या है।”
नशे की समस्या का जिक्र करते हुए गांधी ने कहा, “कई साल पहले मैंने कहा था कि पंजाब में नशा फैल रहा है। उस समय भाजपा और अकाली दल ने नशे के खतरे को कम करके दिखाते हुए कहा था कि राहुल गांधी को पंजाब के बारे में कुछ नहीं पता।”
आप सरकार पर निशाना साधते हुए कांग्रेस नेता ने कहा, “लोगों को ऐसी सरकार की जरूरत है जो पंजाब के लिए काम करे। उन्हें आप जैसी सरकार की जरूरत नहीं है, जिसे दिल्ली से चलाया जा रहा है।”
इस रैली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, पंजाब कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष परगट सिंह और राज्य के वरिष्ठ नेता प्रताप सिंह बाजवा, विजय इंदर सिंगला, चरणजीत सिंह चन्नी, सुखजिंदर सिंह रंधावा, राजिंदर कौर भट्ठल और अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग भी मौजूद थे।
