चंडीगढ़, 3 अक्तूबर:- हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष श्री हरविंदर कल्याण ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से सेवा, सामाजिक सहभागिता और जन-कल्याण का संदेश गांव-गांव तक पहुंचाया जा रहा है। इसी कड़ी में सेवा ज्योति कलश यात्रा करनाल के गांव चौड़ा पहुंचने पर उन्होंने गांववासियों के साथ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में यात्रा का स्वागत किया।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सेवा ज्योति कलश यात्रा के माध्यम से राज्य और केंद्र सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न जन-कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाई जा रही है। साथ ही, वीडियो के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और 25 वर्षों के जन-सेवा कार्यकाल से भी लोगों को अवगत कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम लोगों को सेवा भावना और सामाजिक सहभागिता के लिए प्रेरित करने के साथ-साथ जन-कल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

हरविंदर कल्याण ने कहा कि जन-सेवा और विकास ही सरकार का मूल संकल्प है। वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के हर गांव और घर तक बिजली, पक्के रास्ते और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने का संकल्प लिया था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वयं गरीबी को देखा और महसूस किया है, यही कारण है कि वह गरीब और वंचित वर्ग के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जन-प्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, व्यापारियों और मजदूरों, सभी में सेवा भावना होनी चाहिए। अपने अनुभव साझा करते हुए उन्होंने बताया कि उन्होंने स्वयं 400 किलोमीटर की पैदल यात्रा की थी, जिसके दौरान हर गांव की वास्तविक स्थिति और परिस्थितियों को नजदीक से देखा था। उन्होंने संकल्प लिया था कि अवसर मिलने पर जनता के आशीर्वाद और सहयोग से क्षेत्र में विकास कार्य करवाएंगे। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में लगभग 80 से 85 नई सड़कों का निर्माण करवाया गया है। क्षेत्र में मेडिकल यूनिवर्सिटी और कॉलेज जैसी बड़ी परियोजनाओं पर काम हुआ है। हर गांव तक निर्बाध बिजली पहुंचाई गई है।

उन्होंने कहा कि पारदर्शी शासन ने भ्रष्टाचार पर प्रभावी रोक लगाई है और अब युवाओं को पूरी पारदर्शिता के साथ बिना पर्ची और बिना खर्ची के योग्यता के आधार पर नौकरियां मिल रही हैं। ऐसी पारदर्शी व्यवस्था बनाई गई है कि योग्य लोगों को घर बैठे ही पेंशन और अन्य योजनाओं का लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि समाज को एकजुट करने के लिए महापुरुषों की जयंती सरकारी स्तर पर धूमधाम से मनाई जा रही हैं। ग्राम सभाओं और स्थानीय विकास कार्यों पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि गांवों में कम्युनिटी सेंटर और तालाबों का निर्माण तथा नवीनीकरण करवाया गया है।

इसके बाद विधानसभा अध्यक्ष सरकारी वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, करनाल के गांव कुटेल में आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट, ‘फिट इंडिया’ खेल सत्र में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने खिलाड़ियों से परिचय किया और स्वयं भी पिच पर पहुंचकर शॉट लगाया। उन्होंने खिलाड़ियों और युवाओं को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि खेल न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बनाए रखते हैं, बल्कि युवाओं में अनुशासन, टीम वर्क और नेतृत्व क्षमता का विकास भी करते हैं। उन्होंने कहा कि फिट इंडिया अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का देश को स्वस्थ और ऊर्जावान बनाने का एक अनूठा प्रयास है।

विधानसभा अध्यक्ष ने डिजिटल युग की चुनौतियों का उल्लेख करते हुए साइबर सुरक्षा जागरूकता पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि आज के समय में इंटरनेट और स्मार्टफोन के बढ़ते उपयोग के साथ साइबर अपराधों का खतरा भी बढ़ा है। ऐसे अभियानों के माध्यम से युवाओं और गांववासियों को डिजिटल धोखाधड़ी से बचने और सतर्क रहने की जानकारी मिलना बहुत जरूरी है।