संतोषगढ़/ऊना, 26 मार्च (राजवीर चोपड़ा):- हिमाचल–पंजाब सीमा (नंगल क्षेत्र) पर टोल टैक्स बढ़ोतरी को लेकर स्थानीय प्रतिनिधियों और इलाका बचाओ संघर्ष मोर्चा द्वारा आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में लोगों की नाराज़गी खुलकर सामने आई। मोर्चा के सदस्यों ने बढ़ाए गए टोल टैक्स का कड़ा विरोध करते हुए इसे आम जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बताया और तुरंत वापस लेने की मांग की।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान वक्ताओं ने कहा कि टोल टैक्स बढ़ोतरी का सबसे अधिक असर नंगल, तलवाड़ा और ऊना क्षेत्र के उन लोगों पर पड़ रहा है, जो रोज़मर्रा के काम, व्यापार और आवाजाही के लिए इस मार्ग का उपयोग करते हैं। उन्होंने कहा कि इससे आम नागरिकों की जेब पर सीधा असर पड़ रहा है।
मोर्चा ने सरकार से मांग की कि सीमा क्षेत्र के निवासियों को टोल टैक्स में छूट दी जाए या उन्हें पूरी तरह टोल फ्री किया जाए, ताकि स्थानीय लोगों को राहत मिल सके।
सदस्यों ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द ही इस निर्णय को वापस नहीं लिया, तो बड़े स्तर पर आंदोलन, धरना-प्रदर्शन और विरोध प्रदर्शन किए जाएंगे।
गौरतलब है कि यह मुद्दा नया नहीं है। इससे पहले भी मैहतपुर सहित सीमा क्षेत्रों में टोल टैक्स को लेकर कई बार विरोध और धरने हो चुके हैं।
कुल मिलाकर यह मामला अब केवल टोल बढ़ोतरी तक सीमित नहीं रहा, बल्कि स्थानीय जनता और प्रशासन के बीच टकराव का रूप लेता जा रहा है। यदि जल्द समाधान नहीं निकला, तो क्षेत्र में बड़े आंदोलन की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।
हिमाचल पंजाब सीमा पर टोल टैक्स बढ़ोतरी का विरोध तेज आंदोलन की चेतावनी
