चंडीगढ़, 12 अक्तूबर:- हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने कहा कि महाराजा अग्रसेन जयंती केवल उत्सव मनाने का दिन नहीं, बल्कि उनके सिद्धांतों को अपनाने का अवसर है। उन्होंने कहा कि पूरे समाज को उनके सिद्धांत अपनाने चाहिए। जहां भी, कोई भी और किसी भी पार्टी की सरकार हो, उसे महाराजा अग्रसेन जी के सिद्धांतों को पढ़कर उनके अनुसार शासन चलाना चाहिए। इससे हमारा देश सूर्य की तरह चमक उठेगा। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार भी महाराजा अग्रसेन जी के आदर्शों पर चल रही है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से आम लोगों के जीवन की तस्वीर बदल दी है।

श्री विज सोमवार रात अंबाला कैंट स्थित अग्रवाल धर्मशाला में महाराजा अग्रसेन जी की जयंती के उपलक्ष्य में अग्रवाल सभा द्वारा आयोजित भजन संध्या में लोगों को संबोधित कर रहे थे।

ऊर्जा मंत्री ने कहा कि महाराजा अग्रसेन जी ने संसार को जो संदेश दिया था, उसी के आधार पर आज विभिन्न स्थानों पर सरकारें बनाई जाती हैं, जिन्हें सामाजिक कल्याणकारी सरकारें कहा जाता है। उन्होंने कहा कि महाराजा अग्रसेन जी ने ये सिद्धांत हजारों वर्ष पहले स्थापित किए थे। वह एक अच्छे शासक होने के साथ-साथ समाजशास्त्री और अच्छे अर्थशास्त्री भी थे। उनके द्वारा बनाए गए सिद्धांत के अनुसार, “हमारे नगर में जो भी आएगा, उसे एक ईंट और एक रुपया दिया जाएगा।” ईंट अपना आशियाना बनाने के लिए और रुपया कारोबार स्थापित करने के लिए दिया जाता था।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कई बड़े कार्य करके महाराजा अग्रसेन जी के संदेश को सार्थक किया है।