हिसार : श्री सुरभि गौ महायज्ञ व श्रीमद गौ भागवत कथा के लिए तैयारियां जोर-शोर से जारी हैं। 23 मार्च से शुरू होने वाले इस गौ शक्ति जागरण अनुष्ठान के लिए विवेकानंद भवन में बैठक करके तैयारियों की समीक्षा की गई और विभिन्न कार्यों के लिए दायित्व सौंपे गए। बैठक में बताया गया कि मातृभूमि सेवा संघ, राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ की गौसेवा गतिविधि एवं काबरेल के केशव माधव धाम ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में यह अनुष्ठान किया जा रहा है। तोशाम रोड स्थित सरस्वती कॉलेज ऑफ एजुकेशन में होने वाले अनुष्ठान के लिए 23 मार्च को प्रात: 8 बजे सरस्वती कॉलेज प्रांगण से भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी।
 23 से 30 मार्च तक प्रतिदिन प्रात: 8.30 बजे श्री सुरभि महायज्ञ किया जाएगा और 23 से 29 मार्च तक प्रतिदिन सायं 4 बजे से सायं 6 बजे तक कथा वाचिका विदुषी बेला पारीक दीदी जी श्रीमद गौ भागवत कथा से साक्षात्कार करवाएंगी। 30 मार्च को प्रात: 9 बजे गौ महायज्ञ की पूर्णाहुति  होगी और इसी दिन प्रात: 11 बजे भंडारा शुरू किया जाएगा।
   सुशीला भवन रोड पर स्थित विवेकानंद भवन में आयोजित बैठक में गौ शक्ति जागरण अनुष्ठान संचालन समिति के सदस्य पवन जिंदल, कमल सर्राफ, विकास ढल, रणधीर झाझडिय़ा, नीरज कुमार गुप्ता, राजेंद्र फोगाट, संजय सूरा, दर्शन, सतीश व विनोद आर्य विशेष रूप से मौजूद रहे। इस दौरान हिसार व निकटवर्ती क्षेत्रों से श्रद्धालुओं को अनुष्ठान स्थल तक आने-जाने के लिए बस व्यवस्था, मुख्य यजमान, यजमान की सूची बनाने, कार्यकर्ताओं से प्राप्त दान राशि एवं सामग्री एकत्र करने एवं घर-घर जाकर प्रचार करने संबंधी कार्यों पर विस्तार से चर्चा की गई। 
इसके साथ ही तय किया गया कि पूरा आयोजन प्लास्टिक मुक्त रहेगा और किसी भी तरह के प्लास्टिक, थर्मोकॉल या अन्य डिस्पोजल सामग्री इस्तेमाल नहीं की जाएगी। इसके साथ ही हवन में शुद्ध देसी घी का प्रयोग किया जाएगा। यह घी राजस्थान की पथमेरा गौशाला से मंगवाया गया है। इस धार्मिक अनुष्ठान में यजमान बनकर एवं अन्य किसी भी माध्यम से नगरवासी सहयोग कर सकते हैं।