मेहतपुर/ऊना, 6 जून (राजवीर चोपड़ा):- कौशल विकास एवं उद्यमशीलता मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में प्रधानमंत्री राष्ट्रीय अप्रेंटिसशिप मेला (PMNAM) का आयोजन 8 जून 2026 को राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), मेहतपुर, जिला ऊना में किया जाएगा। मेले का उद्देश्य युवाओं को उद्योगों से जोड़ते हुए अप्रेंटिसशिप के माध्यम से रोजगारपरक कौशल प्रदान करना तथा उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप प्रशिक्षित मानव संसाधन उपलब्ध कराना है।
इस मेले में विभिन्न प्रतिष्ठित औद्योगिक संस्थान एवं कंपनियां भाग लेंगी और योग्य अभ्यर्थियों का चयन अप्रेंटिसशिप प्रशिक्षण के लिए करेंगी। आईटीआई, दसवीं, बारहवीं तथा अन्य तकनीकी एवं व्यावसायिक योग्यताओं वाले इच्छुक अभ्यर्थी इस मेले में भाग लेकर लाभ उठा सकते हैं।
संस्थान प्रशासन ने बताया कि अभ्यर्थी अपने साथ शैक्षणिक प्रमाण-पत्रों की प्रतियां, आधार कार्ड, पासपोर्ट आकार के फोटो तथा बायोडाटा लेकर प्रातः 10 बजे संस्थान परिसर में पहुंचें। मेले के दौरान अभ्यर्थियों को विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों से सीधे संवाद करने और प्रशिक्षण व रोजगार संबंधी जानकारी प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
संस्थान के प्रधानाचार्य ने क्षेत्र के युवाओं से इस अवसर का अधिकतम लाभ उठाने की अपील करते हुए कहा कि अप्रेंटिसशिप युवाओं को कार्यस्थल पर व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान करने के साथ-साथ रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने कहा कि यह मेला युवाओं के कौशल विकास और उनके उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
अधिक जानकारी के लिए इच्छुक अभ्यर्थी राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, मेहतपुर से संपर्क कर सकते हैं।
मेहतपुर आईटीआई में 8 जून को लगेगा प्रधानमंत्री राष्ट्रीय अप्रेंटिसशिप मेला युवाओं को मिलेंगे रोजगार के अवसर
