हरोली/ऊना, 16 जून (राजवीर चोपड़ा):- नंगल खुर्द पंचायत के नवनिर्वाचित प्रधान जसवंत सिंह ने शपथ ग्रहण करने के बाद पदभार संभालते ही कार्रवाई करते हुए गांव से गुजर रहे मिट्टी से भरे ट्रैक्टर-ट्रालियों को पुलिस के हवाले कर दिया। जानकारी के अनुसार, प्रधान के गांव पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने शिकायत की कि प्रतिदिन मिट्टी से भरे ट्रैक्टर-ट्राली गांव के बीच से गुजरते हैं। 
ग्रामीणों का आरोप है कि चालक तेज रफ्तार से वाहन चलाते हैं और ऊंची आवाज में गाने बजाते हुए निकलते हैं, जिससे आम लोगों, बुजुर्गों और बच्चों को परेशानी का सामना करना पड़ता है तथा दुर्घटना का खतरा भी बना रहता है।
शिकायत मिलने पर प्रधान जसवंत सिंह मौके पर पहुंचे और गांव से गुजर रहे ट्रैक्टर-ट्रालियों को रोककर पुलिस के हवाले कर दिया। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की सुरक्षा और शांति बनाए रखना उनकी प्राथमिकता है तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी उचित कार्रवाई की जाएगी।
प्रधान की इस पहल की गांववासियों ने सराहना की है। ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से इस समस्या को लेकर शिकायतें की जा रही थीं और अब कार्रवाई होने से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद जगी है। साथ ही उन्होंने प्रशासन से भी यातायात नियमों का सख्ती से पालन करवाने की मांग की है।