जालंधर:- जालंधर स्थित आई. के. गुर्जाल पंजाब टेक्निकल यूनिवर्सिटी के सिविल इंजीनियरिंग विभाग द्वारा विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण तकनीकी शिक्षा प्रदान करने हेतु आधुनिक प्रयोगशाला सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। इसी क्रम में विद्यार्थियों ने जियोटेक्निकल इंजीनियरिंग लैब तथा ट्रांसपोर्टेशन इंजीनियरिंग लैब में विभिन्न महत्वपूर्ण प्रयोग करके व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त किया।
इस अवसर पर विभागाध्यक्ष प्रो. राजीव चौहान ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रयोगात्मक शिक्षा इंजीनियरिंग की पढ़ाई का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने बताया कि प्रयोगशालाओं में किए जाने वाले प्रयोग विद्यार्थियों को औद्योगिक आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करते हैं तथा उन्हें वास्तविक परियोजनाओं में उपयोग होने वाली तकनीकों से परिचित कराते हैं।
उन्होंने प्रमुख प्रयोगों जैसे सिव एनालिसिस, एटरबर्ग लिमिट टेस्ट, सीबीआर टेस्ट, सॉयल कम्पेक्शन टेस्ट, बिटुमेन टेस्टिंग तथा एग्रीगेट टेस्ट आदि की उपयोगिता पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के प्रयोग विद्यार्थियों को सैद्धांतिक ज्ञान के साथ-साथ औद्योगिक उपकरणों के व्यावहारिक उपयोग को समझने में सहायक होते हैं।
इस दौरान डॉ. रंजीत सिंह, श्री सलिंदर सिंह तथा श्री लवप्रीत सिंह भी उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रयोगशालाओं की सुविधाओं का अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया तथा उनके उत्साह की सराहना की।
सिविल इंजीनियरिंग विभाग का उद्देश्य विद्यार्थियों को उद्योग के लिए तैयार करना तथा उनके तकनीकी कौशल को मजबूत करना है, जिसके लिए विभाग निरंतर ऐसे शैक्षणिक प्रयास करता रहता है।