हरोली/ऊना, 23 अप्रैल (राजवीर चोपड़ा):- विद्यार्थियों को जागरूक और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से पुलिस विभाग द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत शिक्षा भारती B.Ed कॉलेज, समूर कलां में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान जिला ऊना महिला थाना में तैनात एएसआई अनीता देवी ने विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा, नशा मुक्ति, कानूनी अधिकारों तथा POCSO Act के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि आज के डिजिटल युग में साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं, ऐसे में सोशल मीडिया का उपयोग सावधानीपूर्वक करना अत्यंत आवश्यक है। साथ ही नशे के दुष्प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए युवाओं को इससे दूर रहने का संदेश भी दिया गया।
एएसआई अनीता देवी ने बच्चों के साथ होने वाले यौन शोषण से संबंधित मामलों में कानून की सख्ती के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की गलत गतिविधि की तुरंत शिकायत करना जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और किसी भी संदिग्ध स्थिति में तुरंत पुलिस से संपर्क करने की अपील की।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने सक्रिय भागीदारी दिखाते हुए अपने सवाल पूछे और उनके समाधान प्राप्त किए। ऐसे जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों को जागरूक, सतर्क और सुरक्षित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
समूर कलां के शिक्षा भारती कॉलेज में पुलिस का जागरूकता अभियान साइबर सुरक्षा व अधिनियम पर दी जानकारी
