पटियाला (मनप्रीत सिंह):- पटियाला सोशल वेलफेयर सोसाइटी (रजि.) पिछले लगभग 25 वर्षों से समाज कल्याण के लिए कार्य कर रही है। सोसाइटी द्वारा मेडिकल कैंप, रक्तदान शिविर और निःशुल्क नेत्र जांच शिविर लगाए जाते हैं। इसके अलावा बच्चों का उत्साह बढ़ाया जाता है, मेधावी विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाता है और सर्दियों में बच्चों को गर्म कोटियां वितरित की जाती हैं।
इन सामाजिक कार्यों के साथ-साथ सोसाइटी प्लास्टिक के थैलों पर रोक लगाने के लिए भी लोगों को जागरूक करती है तथा उन्हें प्लास्टिक के थैलों के बजाय कपड़े या जूट के थैले इस्तेमाल करने के लिए प्रेरित करती है। जूट के थैले वितरित करने के अवसर पर पटियाला की सिविल सर्जन डॉ. शेली जेतली ने सोसाइटी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि सोसाइटी सराहनीय कार्य कर रही है।
उन्होंने बताया कि प्लास्टिक के थैलों में रखे खाद्य पदार्थों पर फफूंद लग सकती है और इनके इस्तेमाल से कैंसर जैसी बीमारियों का खतरा भी बना रह सकता है।
दीवाली के अवसर पर सोसाइटी ने सभी को हार्दिक शुभकामनाएं दीं और लोगों से संकल्प लेने की अपील की कि वे सामान रखने और ले जाने के लिए प्लास्टिक के थैलों का इस्तेमाल नहीं करेंगे, बल्कि जूट या कपड़े के थैले अपनाएंगे।
इस अवसर पर पटियाला सोशल वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष विजय कुमार गोयल और एडवोकेट मेघा ठाकुर, ए.डी.ए. भी उपस्थित थे।
