बठिंडा:- बठिंडा-डबवाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर गांव गुरुसर सैनेवाला के पास आज तड़के करीब 5:30 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि सात अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। राजस्थान के बाड़मेर जिले से श्रद्धालुओं को लेकर जा रहा एक मेटाडोर (टेंपो ट्रैवलर) सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से टकरा गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि मेटाडोर का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मेटाडोर में सवार श्रद्धालु पहले श्री अमृतसर साहिब में माथा टेकने के बाद श्री अमरनाथ यात्रा के लिए रवाना हुए थे। जब उनका वाहन गुरुसर सैनेवाला के पास पहुंचा तो अज्ञात कारणों से सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराया।
हादसे की सूचना मिलते ही सहारा जन सेवा और नौजवान वेलफेयर सोसायटी की टीमें, पुलिस तथा एंबुलेंस मौके पर पहुंच गईं। बचाव दल ने कड़ी मशक्कत के बाद टेंपो ट्रैवलर में फंसे लोगों को बाहर निकाला। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल, बठिंडा भेज दिए गए, जबकि सभी सात घायलों को उपचार के लिए एम्स बठिंडा में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। मृतकों की पहचान और हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए आगे की कार्रवाई जारी है। इस हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।