हांसी:– डीसी राहुल नरवाल के मार्गदर्शन में कृषि एवं किसान कल्याण विभाग, हांसी द्वारा राष्ट्रीय कृषि विकास योजना (आरकेवीवाई) के अंतर्गत संचालित कृषि यंत्रीकरण उप मिशन (एसएमएएम) योजना के तहत रोटावेटर एवं लेजर लैंड लेवलर मशीनों के लिए सामान्य श्रेणी के किसानों का ऑनलाइन ड्रा 22 जुलाई 2026 तक जिला स्तरीय कार्यकारी समिति द्वारा आयोजित किया जाएगा।
एसडीओ डॉ रविंद्र व डॉ गोपीराम सांगवान ने।बताया कि वर्ष 2025-26 के दौरान आरकेवीवाई-एसएमएएम योजना के अंतर्गत 25 प्रकार के कृषि यंत्रों एवं मशीनों के लिए विभागीय पोर्टल पर आवेदन आमंत्रित किए गए थे। अंतिम तिथि तक जिला हांसी के 1,695 किसानों ने 3,058 कृषि यंत्रों एवं मशीनों के लिए आवेदन किया।
उन्होंने बताया कि जिला हांसी के लिए सामान्य श्रेणी में रोटावेटर के 434 तथा लेजर लैंड लेवलर के 341 लक्ष्य निर्धारित किए गए हैं। रोटावेटर के लिए 882 तथा लेजर लैंड लेवलर के लिए 684 किसानों ने प्रथम वरीयता में आवेदन किया है। निर्धारित लक्ष्य से अधिक आवेदन प्राप्त होने के कारण केवल इन दोनों कृषि यंत्रों के लिए सामान्य श्रेणी के किसानों का चयन ऑनलाइन ड्रा के माध्यम से किया जाएगा।
सहायक कृषि अभियंता गोपीराम सांगवान बताया कि जिन किसानों ने अपनी प्रथम वरीयता में रोटावेटर अथवा लेजर लैंड लेवलर का चयन नहीं किया है, वे यदि पोर्टल पर अपलोड किए गए दस्तावेज नियमानुसार सही पाए जाते हैं तो बिना ड्रा के अपनी प्रथम वरीयता वाले कृषि यंत्र की खरीद कर सकेंगे।
सहायक कृषि अभियंता ने बताया कि अनुसूचित जाति के किसानों के लिए किसी प्रकार का ड्रा आयोजित नहीं किया जाएगा। यदि उनके आवेदन एवं दस्तावेज नियमानुसार सही पाए जाते हैं तो वे आवेदन किए गए सभी पात्र कृषि यंत्रों का लाभ प्राप्त कर सकेंगे।
उन्होंने कहा कि चयनित किसानों को योजना की सभी शर्तें एवं आवश्यक दस्तावेज निर्धारित समयावधि में पूरे करने होंगे। जिला स्तरीय कार्यकारी समिति द्वारा चयन के उपरांत पोर्टल पर अनुमोदन मिलने के बाद किसान अपनी पसंद के अनुसार विभाग द्वारा अनुमोदित निर्माता अथवा डीलर से मोलभाव कर 24 अगस्त 2026 तक कृषि यंत्र खरीद सकेंगे।
उन्होंने बताया कि हिसार एवं हांसी जिलों के लिए अलग-अलग लक्ष्य निर्धारित किए गए हैं। संबंधित उपायुक्त की अध्यक्षता में गठित जिला स्तरीय कार्यकारी समिति तथा आवेदक किसानों की उपस्थिति में ऑनलाइन ड्रा की प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ संपन्न कराई जाएगी।
