होशियारपुर:- जवाहर नवोदय विद्यालय, फलाही (जिला होशियारपुर) में शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए कक्षा 6 में प्रवेश हेतु ऑनलाइन पंजीकरण की अंतिम तिथि बढ़ाकर 7 अगस्त 2026 कर दी गई है। विद्यालय प्रशासन ने पात्र विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों से निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन करने की अपील की है।
विद्यालय की प्रिंसीपल रंजू दुग्गल ने जानकारी देते हुए बताया कि इस शैक्षणिक सत्र में सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त अथवा मान्यता प्राप्त विद्यालयों में कक्षा 5 में अध्ययनरत पात्र विद्यार्थी जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा के लिए ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि इच्छुक विद्यार्थी अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते अपना आवेदन पूरा करें, ताकि किसी प्रकार की तकनीकी समस्या से बचा जा सके।
प्रिंसीपल ने बताया कि प्रवेश से संबंधित पात्रता, आवश्यक शर्तों तथा अन्य विस्तृत जानकारी के लिए अभ्यर्थी नवोदय विद्यालय समिति की आधिकारिक वेबसाइट https://navodaya.gov.in का अवलोकन कर सकते हैं। वहीं, ऑनलाइन पंजीकरण https://cbseitms.rcil.gov.in/nvs/index/Registration के माध्यम से किया जा सकता है।
उन्होंने बताया कि प्रवेश प्रक्रिया संबंधी किसी भी प्रकार की जानकारी या सहायता के लिए अभ्यर्थी एवं उनके अभिभावक कार्य दिवसों में प्रातः 9 बजे से सायं 4 बजे तक विद्यालय कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं। विद्यालय प्रशासन ने अधिक से अधिक पात्र विद्यार्थियों से इस अवसर का लाभ उठाकर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए आवेदन करने का आह्वान किया है।