हांसी:– महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा स्थानीय सेक्टर-5 स्थित खेल मैदान में एक दिवसीय खंड स्तरीय महिला खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें हांसी खंड द्वितीय क्षेत्र की महिलाओं ने भाग लिया। खास बात यह रही की महिला खेल कूद प्रतियोगिता में एक महिला संतोष गिल ही मुख्य अतिथि रही।
मुख्य अतिथि संतोष गिल ने उपस्थित महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि तन मन को स्वस्थ रखने के लिए हर व्यक्ति को जीवन में एक खेल अवश्य बनाना चाहिए और नियमित रूप से इसे खेलना चाहिए। उन्होंने कहा कि खेलों से जहां तन मन स्वस्थ रहता है वही खेल मनोरंजन का भी बहुत बढ़िया माध्यम है और अच्छे खिलाड़ियों को सरकार की ओर से नौकरियां भी उपलब्ध करवाई जा रही हैं।
आयोजित प्रतियोगिता में 100 मीटर, 300 मीटर व 400 मीटर दौड़, डिस्कस थ्रो, 5 किलोमीटर साइकिल रेस तथा म्यूजिकल चेयर दौड़ प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रथम द्वितीय तथा तृतीय स्थान पर रहने वाली महिला खिलाड़ियों को क्रमशः2100 रुपए,1100 रुपए तथा 750 रुपए की की नगद राशि इनाम स्वरूप दी गई।
यह रहे खेल प्रतियोगिताओं के परिणाम: म्यूजिकल चेयर प्रतियोगिता में बड़छप्पर गांव निवासी धनपति देवी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, उगालन गांव निवासी अनिता द्वितीय तथा पुट्टी गांव निवासी बबीता तृतीय स्थान पर रहीं।
डिस्कस थ्रो प्रतियोगिता में उगालन गांव निवासी गायत्री प्रथम, सीसर गांव निवासी पूनम द्वितीय तथा इसी गांव की निक्की तृतीय स्थान पर रही।
100 मीटर दौड़ प्रतियोगिता में मदनहेड़ी गांव निवासी पूजा प्रथम, बास अकबरपुर गांव निवासी सोनू द्वितीय तथा भाटोल जाटान गांव निवासी सुमन तृतीय स्थान पर रहीं। 300 मीटर दौड़ प्रतियोगिता में सीसर गांव निवासी रीना प्रथम, धर्म खेड़ी गांव निवासी प्रीति द्वितीय तथा पुट्टी गांव निवासी रचना तृतीय स्थान पर रहीं।
400 मीटर दौड़ प्रतियोगिता में खरबला गांव निवासी रवीना प्रथम, मदन हेड़ी गांव निवासी निधि द्वितीय तथा बड़छपर गांव निवासी रेखा तृतीय स्थान पर रहीं। 5 किलोमीटर साइकिल रेस प्रतियोगिता में बास अकबरपुर गांव निवासी शीनू ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, खांडा खेड़ी गांव निवासी आरती द्वितीय तथा मदन हेड़ी गांव निवासी पूजा तृतीय स्थान पर रहीं।
इस अवसर पर सीडीपीओ सुदेश राणा, सीडीपीओ नीलम रानी, सुपरवाइजर कमल चहल, संवेदना, कुसुम, संतोष, राजकला तथा कई कर्मचारी मौजूद रहे।
महिला एवं बाल विकास विभाग की हांसी खंड द्वितीय एक दिवसीय महिला खेलकूद प्रतियोगिता संपन्न
