ऊना,  6 फरवरी (राजिंदर कुमार):- जातिगत भेदभाव समाप्त करने तथा विश्वविद्यालयों में आरक्षित वर्ग के रिक्त पदों को भरने सहित विभिन्न मांगों को लेकर युथ एकता महासभा हिमाचल प्रदेश द्वारा 17 फरवरी  को ऊना में प्रदर्शन किया जाएगा। संगठन ने सभी साथियों और युवाओं से इस कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की है।
 संगठन के प्रदेश अध्यक्ष अमित वाल्मीकि ने बताया कि अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए विश्वविद्यालयों में खाली पड़े पदों को शीघ्र भरा जाना चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने ठेकेदारी प्रथा को समाप्त कर बेरोजगार युवाओं के लिए स्थायी रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की मांग उठाई।
 उन्होंने हिमाचल प्रदेश को नशा-मुक्त बनाने के लिए सरकार और समाज से मिलकर ठोस कदम उठाने का भी आह्वान किया। संगठन के अनुसार 17 फरवरी को सुबह 10 बजे एम.सी. पार्क, ऊना में एकत्र होकर शांतिपूर्ण तरीके से रैली निकाली जाएगी और प्रशासन को ज्ञापन सौंपा जाएगा। इस कार्यक्रम को युवाओं के अधिकारों और सामाजिक समानता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया जा रहा है।