हरियाणा/हिसार:- 'विकसित भारत' अभियान और भारत सरकार (MyGov) के दिशा-निर्देशों के अनुरूप, ओम स्टर्लिंग ग्लोबल विश्वविद्यालय (OSGU) में 'वंदे मातरम्' के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 'वंदे मातरम् फेज-2' का हर्षोल्लास के साथ आयोजन चल रहा है। 19 जनवरी से शुरू हुआ यह कार्यक्रमों का सिलसिला 26 जनवरी यानी गणतंत्र दिवस तक जारी रहेगा। विश्वविद्यालय के चांसलर डॉ. पुनीत गोयल और प्रो-चांसलर डॉ. पूनम गोयल ने अपने संदेश में कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में राष्ट्रभक्ति की भावना जागृत करते हैं और उन्हें अपनी जड़ों से जोड़ते हैं।
सप्ताह भर चलने वाले इस महोत्सव के तहत विश्वविद्यालय प्रांगण में विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीतों पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किए और सोशल मीडिया के माध्यम से युवाओं को जोड़ने के लिए विशेष रील्स और वीडियो भी तैयार किए। इसके अतिरिक्त, विद्यार्थियों द्वारा एक जागरूकता रैली निकाली गई, जिसने आसपास के गांवों का भ्रमण कर ग्रामीणों एवं किसानों को वंदे मातरम् के गौरवशाली इतिहास और इसके 150 वर्ष पूर्ण होने की जानकारी दी।
वंदे मातरम् के रचयिता बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय के जीवन और उनके संघर्षों से रूबरू करवाने के लिए विश्वविद्यालय के सामुदायिक रेडियो स्टेशन 'भव्यवाणी 90.0 एफएम' पर एक विशेष वार्ता कार्यक्रम प्रसारित किया गया। इसमें डॉ. आशा यादव ने मुख्य वक्ता के रूप में बंकिम जी के जीवन के अनछुए पहलुओं पर प्रकाश डाला। विश्वविद्यालय में गणतंत्र दिवस की तैयारियां भी जोरों पर हैं। आगामी 26 जनवरी को विद्यार्थी विभिन्न वाद्य यंत्र के साथ सामूहिक रूप से 'वंदे मातरम्' का गायन करेंगे, जो कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण होगा।
विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. एन.पी. कौशिक, प्रति-कुलपति डॉ. राजेंद्र सिंह छिल्लर और रजिस्ट्रार डॉ. सत्यवीर सिंह ने भी इस सफल आयोजन के लिए पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि विकसित भारत' के विजन को साकार करने के लिए युवाओं का अपनी सांस्कृतिक विरासत और राष्ट्रभक्ति कि भावना से जुड़ना अनिवार्य है। ग्रामीण क्षेत्रों में निकाली गई जागरूकता रैली ने विश्वविद्यालय और समाज के बीच के जुड़ाव को और मजबूत किया है।
कार्यक्रम का सफल संचालन प्रोफेसर संगीता जैन द्वारा किया जा रहा है, जिसमें भव्य वशिष्ठ सहायक के रूप में अपनी भूमिका निभा रहे हैं। प्रोफेसर जैन ने कहा कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों के भीतर राष्ट्रभक्ति की भावना को और अधिक प्रगाढ़ करना है। विश्वविद्यालय विकसित भारत अभियान में अपनी अहम भूमिका अदा कर रहा है।
ओम स्टर्लिंग ग्लोबल विश्वविद्यालय में वंदे मातरम् फेज2 का भव्य आयोजन देशभक्ति के रंग में रंगा परिसर
