हांसी:– एसडीएम राजेश खोथ ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि समाधान शिविर में आने वाली जन समस्याओं का निवारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाए और प्रत्येक शिकायतकर्ता को उसके समाधान की जानकारी अवश्य दी जाए।
राजेश खोथ वीरवार को संयुक्त कार्यालय परिसर में आयोजित समाधान शिविर में नागरिकों की समस्याएं सुन रहे थे। उन्होंने नागरिकों द्वारा प्रस्तुत सभी शिकायतों को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों के अधिकारियों को त्वरित आधार पर समाधान के लिए निर्देश दिए।
शिविर में उमरा गांव निवासी अनूप ने बिजली कनेक्शन के लिए आवेदन प्रस्तुत किया, जिस पर एसडीएम ने बिजली विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे मौका मुआयना कर शीघ्र बिजली कनेक्शन उपलब्ध करवाएं।
इसी प्रकार, सिंचाई एवं बिजली विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे सुल्तानपुर, सिंघवा राघो तथा महेंदा गांवों का दौरा कर जल निकासी से संबंधित प्रबंधों का जायजा ले और जहां भी आवश्यकता हो, वहां आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करें ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
शिविर के दौरान फैमिली आईडी में इनकम कम करवाने, बुढ़ापा पेंशन तथा विधवा पेंशन बनवाने से संबंधित आवेदन भी प्रस्तुत किए गए। एसडीएम ने इन सभी मामलों में आवेदनों के कागजातों का निरीक्षण कर अधिकारियों को शीघ्र आवश्यक कार्यवाही पूर्ण करने के निर्देश दिए।
एसडीएम राजेश खोथ ने सभी विभागों के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे समाधान शिविरों में स्वयं उपस्थित रहना सुनिश्चित करें, अपने अधीनस्थ कर्मचारियों को समाधान शिविर में नहीं भेजें। उन्होंने आज के शिविर में अनुपस्थित रहने वाले अधिकारियों से दूरभाष पर बातचीत कर फटकार लगाई और चेतावनी दी कि भविष्य में लापरवाही बरतने पर सख्त प्रशासनिक कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।
समाधान शिविर में नायब तहसीलदार सुरेश कुमार, एसडीएम कार्यालय के अधीक्षक धर्मवीर रंगा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
समाधान शिविर में आने वाली समस्याओं का निवारण कर शिकायतकर्ता को सूचित भी करें अधिकारी एसडीएम राजेश खोथ
