होशियारपुर- स्वतंत्रता दिवस पर स्थानीय पुलिस लाइन मैदान में आयोजित होने वाले जिला स्तरीय समारोह की तैयारियों के संबंध में आयोजित बैठक को संबोधित करते हुए उपायुक्त आशिका जैन ने सभी अधिकारियों को अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी से करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को सौंपे गए कर्तव्यों का गंभीरता से निर्वहन करने के निर्देश दिए। 
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के लिए पुलिस लाइन मैदान में की जाने वाली व्यवस्थाओं में कोई कमी नहीं रहनी चाहिए। इस दौरान उन्होंने झांकियों, बैरिकेडिंग, पार्किंग, मंच सज्जा, बैठने की व्यवस्था, साफ-सफाई, पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र वितरण, पेयजल, ध्वनि, जलपान, प्राथमिक चिकित्सा, दमकल, सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था सहित विभिन्न कार्यों के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
उपायुक्त ने कहा कि जिला स्तरीय समारोह के दौरान जहां स्वतंत्रता सेनानियों को सम्मानित किया जाएगा, वहीं असाधारण उपलब्धियों वाले व्यक्तियों को भी सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि विभिन्न विभागों द्वारा विकास कार्यों को दर्शाती झांकियां भी निकाली जाएंगी। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए कि समारोह के दौरान विभिन्न स्कूलों के बच्चों द्वारा सामूहिक पीटी शो और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारियां उचित ढंग से की जाएं। 
इस अवसर पर अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (ग्रामीण विकास) निकास कुमार, अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (जी) अमरबीर कौर भुल्लर, कमिश्नर नगर निगम ज्योति बाला मट्टू, सहायक कमिश्नर ओशी मंडल, एसडीएम होशियारपुर गुरसिमरनजीत कौर, एसपी नवनीत कौर गिल, आरटीओ अमनदीप कौर घुम्मन और अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।