संतोषगढ़/ऊना, 12 मार्च (राजवीर चोपड़ा):- हैदराबाद में 6 मार्च से 10 मार्च तक आयोजित सातवीं सीनियर राष्ट्रीय पैरा बैडमिंटन चैंपियनशिप 2026 में संतोषगढ़ के खिलाड़ी नितन शर्मा ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए लगातार तीन मुकाबले जीतकर क्वार्टर फाइनल में स्थान बना लिया है। यह प्रतियोगिता हैदराबाद की गोपीचंद बैडमिंटन अकादमी में आयोजित की गई।
नितन शर्मा नगर परिषद संतोषगढ़ के बैडमिंटन क्लब से जुड़े हुए हैं तथा डॉ. आनंद राज मलिक अकादमी के छात्र हैं। उनकी इस उपलब्धि के पीछे उनके कोच अमित चब्बा के मार्गदर्शन और कड़ी मेहनत का अहम योगदान रहा है।
प्रतियोगिता के पहले मुकाबले में नितन शर्मा ने पंजाब के खिलाड़ी अमित शर्मा को 15–7 और 15–6 से हराया।
दूसरे मैच में उन्होंने तमिलनाडु के रामकृष्णा एल को 15–10 और 15–4 से पराजित किया।
तीसरे मुकाबले में नितन शर्मा ने दिल्ली के विकास यादव को 15–7 और 15–4 के अंतर से हराकर लगातार तीसरी जीत हासिल की।
अब क्वार्टर फाइनल में नितन शर्मा का मुकाबला हरियाणा के खिलाड़ी तरुण ढिल्लों से होगा, जिन्हें विश्व रैंकिंग में नंबर एक खिलाड़ी माना जाता है।
नितन शर्मा की इस उपलब्धि पर क्षेत्र में खुशी की लहर है। इस शानदार प्रदर्शन पर क्लब के प्रधान कृष्ण कांत, उपाध्यक्ष अश्वनी प्रभाकर, राकेश दीवान, मुकेश पुरी, परवेश घेड़िया, अमित चब्बा, राजीव भारद्वाज, हरदीप सिंह, और गौतम राम सहित सभी  ने खुशी व्यक्त करते हुए खिलाड़ी को शुभकामनाएं दी हैं। सभी ने उम्मीद जताई कि नितन शर्मा आगे भी इसी तरह शानदार प्रदर्शन कर क्षेत्र और प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।