चंडीगढ़, 3 अक्तूबर:- हरियाणा के लोक निर्माण एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री श्री रणबीर गंगवा ने कहा कि कुरुक्षेत्र में यातायात व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए रेलवे एलिवेटेड ट्रैक के साथ नई सड़क का निर्माण किया जाएगा। सरकार ने इस सड़क के निर्माण के लिए मंजूरी प्रदान कर दी है।

उन्होंने बताया कि प्रस्तावित सड़क एलसी-61सी (यूनिवर्सिटी गेट नंबर-3 के पास) से एलसी-65सी (पुराने बस स्टैंड के पास) तक बनाई जाएगी। यह सड़क रेलवे के राइट ऑफ वे में प्रस्तावित है और इसका निर्माण रेलवे से आवश्यक अनापत्ति प्रमाण-पत्र (एन.ओ.सी.) तथा अन्य कानूनी मंजूरियां प्राप्त होने के अधीन रहेगा।

मंत्री श्री गंगवा ने बताया कि प्रस्तावित सड़क की लंबाई लगभग 3.20 किलोमीटर और चौड़ाई 7 मीटर होगी। इसके निर्माण पर लगभग 5.75 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत आएगी।

लोक निर्माण मंत्री श्री रणबीर गंगवा ने कहा कि कुरुक्षेत्र में गीता जयंती महोत्सव, सूर्य ग्रहण सहित अन्य बड़े धार्मिक और सार्वजनिक आयोजनों के दौरान श्रद्धालुओं और पर्यटकों की भारी आमद होती है, जिससे शहर की मौजूदा सड़कों पर यातायात का दबाव बढ़ जाता है। नई सड़क बनने से इस क्षेत्र में यातायात को वैकल्पिक मार्ग मिलेगा और जाम की स्थिति को कम करने में मदद मिलेगी।

उन्होंने कहा कि यह सड़क आपातकालीन सेवाओं के सुचारू आवागमन के साथ-साथ कुरुक्षेत्र की समग्र यातायात व्यवस्था को मजबूत करने में भी सहायक होगी। इसके अलावा, इससे सहारनपुर-कुरुक्षेत्र-पिहोवा मार्ग पर यातायात का दबाव कम होगा और आम जनता को लंबे समय तक बेहतर यातायात सुविधा मिल सकेगी।