होशियारपुर 5 मई- ‘नशे पर युद्ध’ अभियान के तहत आज जिला प्रशासनिक कांप्लेक्स में डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन व एसएसपी संदीप कुमार मलिक की अध्यक्षता में अहम बैठक हुई, जिसमें जिले के विभिन्न विभागों के प्रमुखों ने भाग लिया। बैठक में एडीसी निकास कुमार, सभी एसडीएम, पुलिस अधिकारी व एसएमओ भी मौजूद रहे।
बैठक के दौरान डिप्टी कमिश्नर ने सिविल, पुलिस व स्वास्थ्य विभाग को आपसी तालमेल से काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि ओएटी सेंटरों व नशा मुक्ति केंद्रों में दाखिल होकर दवाइयां लेने वाले मरीजों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।
उपायुक्त ने बताया कि अब ओएटी सेंटर पर मरीजों के पंजीकरण व दवाई वितरण का समय सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक रहेगा, जबकि रविवार को यह सेवा सुबह 8 बजे से दोपहर 12 बजे तक ही उपलब्ध रहेगी। रविवार व राजपत्रित अवकाश वाले दिन पंजीकरण नहीं किया जाएगा। बैठक के दौरान उन्होंने बताया कि 7 मई से जिले के गांवों में नशा मुक्ति यात्राएं शुरू की जा रही हैं।
ये यात्राएं प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के तीन गांवों में प्रतिदिन आयोजित की जाएंगी। उपायुक्त ने इन यात्राओं के सफल आयोजन के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए तथा कहा कि आयोजन में किसी प्रकार की कमी न रहे।
उपायुक्त ने नशा मुक्ति यात्राओं के माध्यम से अधिक से अधिक जन जागरूकता फैलाने की अपील की। उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य न केवल नशे का विरोध करना है, बल्कि समाज को सकारात्मक दिशा में प्रेरित करना भी है।
नशा मुक्ति यात्रा ‘नशे पर युद्ध’ अभियान को घर-घर तक पहुंचाएगी : आशिका जैन
