हांसी- उपायुक्त राहुल नरवाल के मार्गदर्शन में हांसी शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के उद्देश्य से नगर परिषद द्वारा जींद रोड क्षेत्र में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व सफाई निरीक्षक संजय कुमार ने किया। इस दौरान नगर परिषद की टीम ने सड़क पर कचरा फैलाने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पांच चालान किए।
सफाई निरीक्षक संजय कुमार ने बताया कि नगर परिषद द्वारा शहर में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं। जींद रोड पर निरीक्षण के दौरान कुछ लोग सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा-कचरा फेंकते पाए गए, जिनके विरुद्ध नियमानुसार चालान किए गए। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फैलाना न केवल शहर की सुंदरता को प्रभावित करता है, बल्कि इससे पर्यावरण और जनस्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।
उन्होंने कहा कि नगर परिषद की टीमें नियमित रूप से विभिन्न क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था का निरीक्षण कर रही हैं और जहां भी गंदगी फैलाने या स्वच्छता नियमों की अवहेलना करने के मामले सामने आते हैं, वहां सख्त कार्रवाई की जा रही है। शहरवासियों को स्वच्छता बनाए रखने के लिए जागरूक भी किया जा रहा है।
संजय कुमार ने नागरिकों से अपील की कि वे कूड़ा करकट को इधर-उधर न फेके । उन्होंने कहा कि स्वच्छ और सुंदर हांसी का निर्माण तभी संभव है जब प्रशासन और आमजन मिलकर इस अभियान को सफल बनाएं।
नगर परिषद अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी प्रकार अभियान जारी रहेगा और दोषियों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। नगर परिषद का उद्देश्य केवल चालान करना नहीं, बल्कि नागरिकों में स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी और जागरूकता विकसित करना है, ताकि शहर को साफ-सुथरा और प्रदूषण मुक्त बनाया जा सके।
अभियान के दौरान नगर परिषद की टीम ने जींद रोड के दोनों ओर व्यापक सफाई अभियान चलाते हुए सड़क किनारे जमा कचरे, पॉलीथिन, प्लास्टिक अपशिष्ट तथा अन्य गंदगी को हटाया। सफाई कर्मचारियों द्वारा नालियों की सफाई भी की गई ताकि बरसात के मौसम में जलभराव की समस्या उत्पन्न न हो। इसके अलावा सार्वजनिक स्थलों एवं बाजार क्षेत्र में विशेष सफाई कर लोगों को स्वच्छता बनाए रखने के प्रति जागरूक किया गया। नगर परिषद अधिकारियों ने दुकानदारों एवं स्थानीय नागरिकों से अपने प्रतिष्ठानों और घरों के आसपास सफाई बनाए रखने तथा कूड़ा निर्धारित स्थानों पर ही डालने की अपील की।
