हांसी:- शहर को स्वच्छ, सुंदर और स्वास्थ्यवर्धक वातावरण प्रदान करने के उद्देश्य से नगर परिषद हांसी द्वारा शुक्रवार को वार्ड नंबर 8, 12, 21, 26 तथा 27 में विशेष सफाई अभियान चलाया गया।
एडीसी एवं डीएमसी लक्षित सरीन के मार्गदर्शन में आयोजित इस अभियान के दौरान सफाई व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए व्यापक स्तर पर कार्य किया गया।
अभियान के तहत नगर परिषद की सफाई टीमों ने संबंधित वार्डों की गलियों, मुख्य मार्गों, सार्वजनिक स्थलों, नालियों तथा खाली पड़े स्थानों की गहन सफाई की। नालियों में जमा गाद और कचरे को निकालकर निर्धारित स्थान पर पहुंचाया गया।बरसात के मौसम को ध्यान में रखते हुए जल निकासी व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया, ताकि कहीं भी जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो।
एडीसी एवं नगर परिषद प्रशासक लक्षित सरीन ने कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं बल्कि नागरिक जिम्मेदारी भी है। नगर परिषद शहर के प्रत्येक वार्ड में चरणबद्ध तरीके से विशेष सफाई अभियान चला रही है, ताकि सभी क्षेत्रों में समान रूप से बेहतर सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे घरों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का कचरा निर्धारित स्थान पर ही डालें, खुले में कूड़ा फेंकने से बचें तथा स्वच्छ हांसी के निर्माण में नगर परिषद का सहयोग करें।
 उन्होंने कहा कि नगर परिषद का उद्देश्य केवल सफाई करना नहीं, बल्कि लोगों में स्वच्छता के प्रति स्थायी जागरूकता विकसित करना भी है। इसी सोच के साथ नियमित सफाई के साथ-साथ विशेष अभियान भी लगातार चलाए जा रहे हैं। जिन क्षेत्रों में अतिरिक्त सफाई की आवश्यकता महसूस होगी, वहां भी प्राथमिकता के आधार पर अभियान संचालित किए जाएंगे।
नगर परिषद अधिकारियों ने बताया कि शहरभर में विशेष सफाई अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। सफाई व्यवस्था की नियमित निगरानी के साथ नागरिकों से प्राप्त सुझावों एवं शिकायतों पर भी त्वरित कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी, ताकि हांसी को स्वच्छ, सुंदर और आदर्श शहर बनाने का लक्ष्य सफलतापूर्वक हासिल किया जा सके।