होशियारपुर- मेयर नगर निगम सुरिंदर कुमार ने बताया कि बजट को लेकर आज एक विशेष बैठक आयोजित की गई। जिसमें ब्रह्म शंकर माननीय विधायक होशियारपुर, डॉ. अमनदीप कौर पीसीएस कमिश्नर, परवीन लता सैनी सीनियर डिप्टी मेयर, रंजीता चौधरी डिप्टी मेयर, जसपाल चेची चेयरमैन मार्केट कमेटी के अलावा नगर निगम के विभिन्न अधिकारी इस बैठक में शामिल हुए।
इस बैठक में विभिन्न नगर पार्षदों ने विशेष रूप से भाग लिया। जिसके बाद बजट के प्रत्येक मद जैसे आय-व्यय, अप्रत्याशित व्यय और विकास कार्यों पर होने वाले व्यय पर विस्तार से चर्चा की गई। इस बैठक में विकास कार्यों और व्यय के लिए अधिक प्रावधान सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान दिया गया और विकास कार्यों के लिए कुल 1671.34 लाख रुपए मंजूर किए गए। पार्कों के रखरखाव के लिए 12 लाख रुपए मंजूर किए गए।
इसके साथ ही गौशालाओं व आवारा पशुओं की देखभाल के लिए 1 करोड़ रुपए तथा सार्वजनिक शौचालयों के रख-रखाव के लिए 18 लाख रुपए का व्यय स्वीकृत किया गया। इस प्रकार हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी शहर के समग्र विकास व अन्य व्यय मामलों के लिए वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए कुल 7752.00 लाख रुपए का बजट पारित किया गया।
उन्होंने आगे बताया कि दिनांक 11.03.2025 को बजट मीटिंग के पश्चात दोपहर 01:00 बजे हाउस की आम मीटिंग हुई, जिसमें नगर निगम के विभिन्न अधिकारियों ने भाग लिया। इस मीटिंग में होशियारपुर शहर के समग्र विकास पर विशेष ध्यान दिया गया, जिसमें पूरे शहर के विकास कार्यों के लिए कुल 34.41 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए।
शहर को अंधेरे से बाहर निकालने के लिए कार्यालय द्वारा ब्लैक स्पॉट की पहचान की गई। शहर में विभिन्न स्थानों पर स्ट्रीट लाइटें लगाने के लिए 7.00 करोड़ रुपए के व्यय को मंजूरी दी गई। नये नलकूप लगाने, नलकूपों की रिबोरिंग तथा नलकूपों की मरम्मत के लिए कुल 5.00 करोड़ रुपये के व्यय को मंजूरी दी गई।
उन्होंने आगे जानकारी देते हुए बताया कि शहर की सफाई एवं स्वच्छता के मद्देनजर नये खरीदे गए टाटा ऐस के लिए नियुक्त हेल्परों के लिए कुल 48.91 लाख रुपये के व्यय को मंजूरी दी गई है।
नगर निगम होशियारपुर ने वर्ष 2025-2026 के लिए कुल 7752.00 लाख रुपए का बजट पारित किया
