करनाल 27 जुलाई:-  नगर निगम आयुक्त सलोनी शर्मा ने सोमवार को शहर के वार्ड नम्बर 7, 8 व 9 का गहन निरीक्षण कर विकास कार्यों एवं सफाई व्यवस्था का व्यापक जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पार्कों की साफ-सफाई, स्ट्रीट लाइट, सीवरेज लाइनों, स्टॉर्म वाटर निकासी के नालों, कचरा एकत्रीकरण व्यवस्था तथा विभिन्न विकास परियोजनाओं का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को सभी कार्य सुव्यवस्थित, गुणवत्तापूर्ण एवं निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
             निरीक्षण के दौरान उनके साथ वार्ड नम्बर 9 की पार्षद सुजाता अरोड़ा, पार्षद प्रतिनिधि मुकेश अरोड़ा, वार्ड नम्बर 7 के पार्षद प्रतिनिधि विकास, कार्यकारी अभियंता प्रियंका सैनी, सहायक अभियंता मदन मोहन गर्ग एवं मंजीत राठी, स्वच्छता अधिकारी महावीर सोढी, मुख्य सफाई निरीक्षक सुरेन्द्र चोपड़ा सहित इंजीनियरिंग एवं सेनीटेशन विंग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

**तीनों वार्डों में करोड़ों रुपये के विकास कार्य विभिन्न चरणों में।
निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त ने जानकारी देते बताया कि वार्ड नम्बर 7 में कुल 14 विकास कार्यों के टेंडर लगाए गए हैं, जिनमें से 6 कार्य पूर्ण हो चुके हैं, 3 कार्य प्रगति पर हैं, 3 कार्य शीघ्र शुरू किए जाएंगे तथा 2 कार्य टेंडर प्रक्रिया में हैं। इन कार्यों पर लगभग 3 करोड़ 4 लाख की राशि व्यय की जाएगी।
             उन्होंने बताया कि वार्ड नम्बर 8 में 11 विकास कार्यों के टेंडर लगाए गए हैं। इनमें 3 कार्य पूर्ण हो चुके हैं, 2 कार्य प्रगति पर हैं, 2 कार्य टेंडर प्रक्रिया में हैं, 1 कार्य मानसून के बाद शुरू होगा, 1 कार्य शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा, जबकि एक एजेंसी को कार्य में लापरवाही के चलते डिबार किया गया है। इन कार्यों पर लगभग 1 करोड़ 55 लाख की राशि व्यय की जाएगी।
             इसी प्रकार वार्ड नम्बर 9 में 14 विकास कार्यों के टेंडर लगाए गए हैं, जिनमें से 7 कार्य पूर्ण हो चुके हैं, 2 कार्य प्रगति पर हैं, 3 कार्य टेंडर प्रक्रिया में हैं तथा 2 कार्यों को प्रारंभ करने के लिए संबंधित एजेंसियों को नोटिस जारी किए गए हैं। इन सभी कार्यों पर लगभग 2 करोड़ 52 लाख की राशि खर्च की जाएगी।

**कर्ण कॉमर्शियल सेंटर फेज-2 परियोजना का किया निरीक्षण।  
वार्ड नम्बर 7 के दौरे के दौरान निगमायुक्त ने कर्ण कॉमर्शियल सेंटर (मुगल कैनाल) फेज-2 में चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया। मौके पर मलबा हटाकर मिट्टी भराई का कार्य प्रगति पर पाया गया। उन्होंने बताया कि इस महत्वाकांक्षी परियोजना के अंतर्गत आधुनिक सडक़ निर्माण, पार्किंग सुविधा, फुटपाथ, सीवरेज निकासी प्रणाली तथा पेयजल आपूर्ति नेटवर्क विकसित किया जाएगा, जिस पर लगभग 7 करोड़ 18 लाख की राशि व्यय की जाएगी।
              निरीक्षण के दौरान उन्होंने वहां पड़े सी. एंड डी. (निर्माण एवं विध्वंस) कचरे पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए निर्देश दिए कि स्थल पर सुपरवाइजर की नियमित ड्यूटी लगाई जाए। अवैध रूप से मलबा डालने वालों पर निगरानी रखी जाए तथा उनके विरुद्ध तत्काल चालान की कार्रवाई की जाए।

**गलियों के कार्य जल्द करें पूरा।
इसके पश्चात उन्होंने मोती नगर, अशोक नगर तथा बुटा सिंह कॉलोनी में सीमेंट कंक्रीट से निर्मित गलियों का निरीक्षण कर शेष कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि सडक़ों का लेवल ऐसा रखा जाए कि कहीं भी वर्षा जल का ठहराव न हो।  उन्होंने सेक्टर-14 मार्केट स्थित डिस्पोजल नम्बर-5 का निरीक्षण कर लॉगबुक की जांच की। उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को निर्देश दिए कि मानसून के दौरान हर समय सतर्क रहें तथा बारिश शुरू होते ही डिस्पोजल तुरंत चालू कर जलभराव की स्थिति उत्पन्न न होने दें।

**वार्ड-8 में जल निकासी, पार्कों की सफाई व सी. एंड डी. वेस्ट पर जोर।
वार्ड नम्बर 8 के निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त ने सेक्टर-6 स्थित प्रताप पब्लिक स्कूल के समीप फुटपाथ पर लगाए गए इंटरलॉकिंग पेवर ब्लॉक कार्य का निरीक्षण किया। इसके बाद शिव मंदिर के निकट संभावित जलभराव क्षेत्र का दौरा किया, जहां स्थानीय नागरिकों ने बताया कि बरसाती पानी की निकासी सुचारु रूप से हो रही है।
             उन्होंने सेक्टर के पार्कों की साफ-सफाई का निरीक्षण करते हुए बागवानी कचरे का नियमित उठान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कुछ मकानों के बाहर सी. एंड डी. वेस्ट पड़ा मिला, जिस पर उन्होंने संबंधित लोगों के विरुद्ध चालान करने के निर्देश दिए।

**निर्माणाधीन डिवाइडर रोड का कार्य तुरंत शुरू कराने के निर्देश।
वार्ड नम्बर 9 के दौरे के दौरान निगमायुक्त ने सेक्टर-7 मार्केट के सामने निर्माणाधीन डिवाइडर रोड का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बताया कि बारिश के कारण कार्य अस्थायी रूप से रुका हुआ है। इस पर उन्होंने कनिष्ठ अभियंता को निर्देश दिए कि कार्य तत्काल प्रारंभ करवाया जाए तथा प्रतिदिन प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए।
             निरीक्षण के दौरान पार्षद द्वारा हाई मास्ट लाइट के स्थानांतरण तथा बड़े पेड़ों से ढकी स्ट्रीट लाइटों को अन्य स्थानों पर लगाने की मांग रखी गई। इस पर निगमायुक्त ने कनिष्ठ अभियंता (विद्युत) को निर्देश दिए कि ऐसे सभी स्थानों का सर्वे कर विस्तृत रिपोर्ट तैयार करें और आवश्यकतानुसार स्ट्रीट लाइटों का स्थानांतरण सुनिश्चित करें।

**ओपन एयर जिम, मेनहोल कवर व सामुदायिक सुविधाओं का लिया जायजा।
इसके बाद निगमायुक्त ने सेक्टर-7 स्थित सामुदायिक केन्द्र में वरिष्ठ नागरिक मंच हॉल, डे-केयर सेंटर तथा डिजिटल लाइब्रेरी का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने पार्कों से बागवानी कचरे का नियमित उठान सुनिश्चित करने तथा सभी ओपन एयर जिम उपकरणों को सुरक्षित एवं कार्यशील स्थिति में रखने के निर्देश दिए।
               उन्होंने कार्यकारी अभियंता को निर्देशित किया कि जिन जिम उपकरणों में मरम्मत की आवश्यकता है, उन्हें शीघ्र ठीक कराया जाए। साथ ही जो जिम अभी दोष दायित्व अवधि (डिफेक्ट लाइबिलिटी पीरियड) में हैं, उनसे संबंधित एजेंसियों को नोटिस जारी कर सभी उपकरणों की जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। इस दौरान कई स्थानों पर मेनहोल के टूटे ढक्कन पाए जाने पर उन्होंने निर्देश दिए कि शहर में जहां-जहां भी मेनहोल कवर क्षतिग्रस्त हैं, उन्हें 7 दिन के भीतर बदलना सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना की संभावना न रहे।

**स्टॉर्म वाटर पाईप लाइन, ऑडिटोरियम व स्ट्रीट फूड हब की संभावनाओं का किया निरीक्षण।
दौरे के दौरान पार्षद ने सेक्टर-8 स्थित अटल पार्क के समीप स्टॉर्म वाटर निकासी पाईप लाइन की मरम्मत करवाने की मांग रखी। अधिकारियों ने बताया कि इसका अनुमान तैयार कर लिया गया है तथा कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा।
              इसके अतिरिक्त पार्षद ने अर्बन चैलेंज फंड के अंतर्गत सेक्टर-9 स्थित सामुदायिक केन्द्र में ऑडिटोरियम एवं इंडोर स्टेडियम विकसित करने का प्रस्ताव रखा, जिस पर निगमायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को इसकी व्यवहार्यता का अध्ययन कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
             निरीक्षण के दौरान अटल पार्क के समीप प्रस्तावित स्ट्रीट फूड हब के लिए दो से तीन संभावित स्थलों का भी अवलोकन किया गया। निगमायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शीघ्र उपयुक्त स्थान का चयन कर आगामी कार्यवाही शुरू की जाए।