करनाल, 5 अगस्त:- उपायुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा की अध्यक्षता में बुधवार को लघु सचिवालय के सभागार में जिला सडक़ सुरक्षा समिति की मासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में सडक़ सुरक्षा से जुड़े 11 पुराने तथा 4 नए मामलों पर विस्तृत चर्चा करते हुए विभिन्न विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में उपायुक्त ने अराईपुरा पर बिजली की तारों के मामले में निर्देश दिए कि एडीसी बीबीएम व पी डब्लू डी के अधिकारियों के साथ विजिट कर रिपोर्ट दे। जुंडला से हथलाना सडक़ पर चल रहे कार्य को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही मंजूरा से हथलाना सडक़ के विषय पर उन्होंने कहा कि सडक़ बनने तक पैचवर्क का कार्य किया जाए।
उन्होंने निर्देश दिए कि कैथल बाईपास पर झिलमिल ढाबे के पास की सर्विस लेन को चौड़ा करने का कार्य जल्द पूरा किया जाए। उन्होंने नगर निगम के अधिकारी को निर्देश दिए कि नूर महल चौक पर पर पॉट होल्स को रिपेयर किया जाए। इसके साथ ही नमस्ते चौक स्लिप रोड को चौड़ा करने के कार्य की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए।
बैठक में आरटीए विजय देशवाल ने बताया कि पुलिस द्वारा जून 2026 में 36 हजार 924 चालान काटे गए। इस अवधि में 40 लाख 88 हजार 600 रुपये जुर्माना वसूला गया। उन्होंने बताया कि गत माह ओवर स्पीड के 5337, बिना हेलमेट के 14965, शराब पीकर वाहन चलाने के 71, बिना आरसी नंबर के 549, बिना लाइसेंस और अंडर ऐज के 374, बिना नंबर प्लेट के 1845, लेन चेंज के 2344, गलत दिशा में वाहन चलाने के 1730, गलत पार्किंग के 2013, लाल बत्ती उल्लंघन के 676, बिना थर्ड पार्टी बीमा के 3173, जेब्रा क्रॉसिंग के 2402, बिना पॉल्यूशन सर्टिफिकेट के 746 और बिना सीट बेल्ट के 54 चालान काटे गए। इसके अलावा आरटीए द्वारा जून 2026 में 243 चालान काट कर एक करोड़ 5 लाख 55 हजार 200 रुपये जुर्माना वसूला गया।
आईडीटीआर करनाल द्वारा प्रशिक्षण के लिए जून 2026 में 1396 लोगों का पंजीकरण किया गया जिसमें 1392 के प्रशिक्षण पूरा किया। बैठक में बताया गया कि जिला में हिट एंड रन के 133 में से 123 केस मुआवजे के लिए मंजूर हो चुके है। जिनमें 64 में जीआईसी द्वारा भुगतान कर दिया गया है।
बैठक में एडीसी डॉ. राहुल रईया, एसडीएम नीलोखेड़ी अशोक कुमार, एसडीएम असंध सुमित सिहाग, एसडीएम घरौंडा राजेश सोनी, सीटीएम सुरेश कुमार, आरटीओ विजय देशवाल, समिति के गैर सरकारी सदस्य व विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
