जीरकपुर (एस.ए.एस. नगर) 29 मई 2025: डेरा बस्सी विधानसभा क्षेत्र के विधायक कुलजीत सिंह रंधावा ने "पंजाब शिक्षा क्रांति" अभियान के तहत सरकारी मिडिल स्कूल जीरकपुर, सरकारी प्राइमरी स्कूल सिंहपुरा और सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्मार्ट स्कूल रामगढ़ भूड़ा में करवाए गए नए बुनियादी ढांचे के कार्यों को विद्यार्थियों को समर्पित किया और कहा कि पंजाब सरकार का मुख्य उद्देश्य सरकारी स्कूलों को निजी स्कूलों के बराबर बनाना है ताकि आम परिवारों के बच्चे भी अपने घर के नजदीक उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा प्राप्त कर सकें।
उन्होंने पंजाब शिक्षा क्रांति मुहिम के अंतर्गत गांव जीरकपुर के सरकारी मिडिल स्मार्ट स्कूल में 2.80 लाख रुपए की लागत से करवाए गए विकास कार्यों का उद्घाटन किया तथा 8वीं कक्षा में 95 प्रतिशत अंक लाने वाली टॉपर छात्रा कृपा को सम्मानित भी किया, जिसके लिए भूतपूर्व सैनिक जिला अध्यक्ष अमरीक सिंह भुल्लर ने 5000 रुपए की पुरस्कार राशि प्रदान की।
दूसरे स्कूल सरकारी प्राइमरी स्मार्ट स्कूल गांव सिंघपुरा में 32.860 लाख रुपए की लागत से दो आधुनिक क्लासरूम, चारदीवारी तथा बिल्डिंग नवीनीकरण कार्य का उद्घाटन किया गया तथा इसके बाद सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्मार्ट स्कूल गांव रामगढ़ भूड़ा, जीरकपुर में 16.37 लाख रुपए की लागत से विकास कार्य (अतिरिक्त क्लासरूम, चारदीवारी तथा अन्य) का उद्घाटन कर विद्यार्थियों को समर्पित किया। उन्होंने आगे कहा कि डेराबस्सी हलके के कई स्कूलों के नवीनीकरण का काम चल रहा है तथा हर स्कूल को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि यह पहली बार है कि पंजाब सरकार ने शिक्षा के लिए 12 प्रतिशत बजट रखा है। इसके अलावा शिक्षा में उत्कृष्टता के लिए शिक्षा विभाग के प्रिंसिपल, हेडमास्टर और अध्यापकों को प्रिंसिपल अकादमी सिंगापुर, नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ एजुकेशन (एन.आई.ई.) इंटरनेशनल, टुर्कू यूनिवर्सिटी सिंगापुर, फिनलैंड और इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट (आई.आई.एम.) अहमदाबाद जैसे संस्थानों में भेजा गया है।
इस अवसर पर उन्होंने पंजाब सरकार और शिक्षा मंत्री का धन्यवाद करते हुए कहा कि स्कूलों में हुए इन विकास कार्यों से विद्यार्थियों के लिए बेहतर शैक्षणिक माहौल बना है और सरकारी स्कूलों के क्षेत्र में नई दिशा मिली है, जिससे सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों का मनोबल और अधिक ऊंचा होगा और भविष्य में इसके बेहतर परिणाम सामने आएंगे।
शौचालयों और कमरों के नवीनीकरण से न केवल स्कूल की स्वच्छता और सुविधा बढ़ी है, बल्कि स्वच्छ वातावरण बनने से बच्चों की पढ़ाई में रुचि भी बढ़ी है। उन्होंने इस अवसर पर स्कूल में उपलब्ध सुविधाओं का जिक्र करते हुए संतोष व्यक्त किया। इस अवसर पर स्कूलों के अध्यापक, बच्चों के अभिभावक और विद्यार्थी, गांवों के गणमान्य लोग और आम आदमी पार्टी के नेता मौजूद थे।
विधायक कुलजीत सिंह रंधावा ने जीरकपुर के विभिन्न स्कूलों में 51.17 लाख रुपए की लागत से करवाए गए विकास कार्यों का लोकार्पण किया
