रतिया, 13 सितंबर:- आगामी पंजाबी फिल्म ‘मिट्टी दे पुत्त’ के प्रमोशन को लेकर रविवार को रतिया में भव्य ट्रैक्टर रैली निकाली गई। रैली में बड़ी संख्या में ट्रैक्टरों ने भाग लिया। फिल्म के मुख्य अभिनेता एवं मशहूर एक्शन स्टार देव खरोड़ फिल्म के अन्य कलाकारों के साथ रतिया के इंपीरियल पैलेस पहुंचे। इस दौरान रतिया के अभिनेता तथा फिल्म में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले दीपक कंबोज ने सभी कलाकारों का जोरदार स्वागत किया।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में देव खरोड़ ने बताया कि ‘मिट्टी दे पुत्त’ 18 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। उन्होंने कहा कि यह फिल्म दर्शकों को अपनी जड़ों और अपनी मिट्टी से जोड़ने का प्रयास है। फिल्म देखने के बाद दर्शकों को अपनी मिट्टी की खुशबू और उससे जुड़ी भावनाओं का एहसास होगा।
उन्होंने कहा कि फिल्म में रतिया के कलाकार दीपक कंबोज ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। करीब 2 घंटे 17 मिनट की यह फिल्म दर्शकों को शुरुआत से लेकर अंत तक बांधे रखने का प्रयास करेगी। उन्होंने कहा कि ‘मिट्टी दे पुत्त’ केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें प्यार, गर्व, परिवार और आपसी एकता का संदेश भी दिया गया है।
देव खरोड़ ने कहा कि आज की युवा पीढ़ी को नशे से दूर रखना समय की सबसे बड़ी जरूरत है। फिल्म के माध्यम से युवाओं को नशे के दुष्परिणामों से बचने और सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने का संदेश देने का प्रयास किया गया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि दर्शक फिल्म को भरपूर प्यार और समर्थन देंगे।
इस अवसर पर फिल्म में विभिन्न किरदार निभाने वाले अमन सुतधर, सुख दंदीवाल, विक्रम, प्रदीप चीमा सहित अन्य कलाकारों ने भी अपने किरदारों और फिल्म निर्माण से जुड़े अनुभव साझा किए।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में दीपक कंबोज, विक्रम कंबोज, अमनदीप रतिया, गुरप्यार चौहान, एडवोकेट हंस राज और एडवोकेट गुरप्रीत सिंह मंडेर सहित बड़ी संख्या में फिल्म प्रेमी और गणमान्य लोग मौजूद रहे।
18 सितंबर को रिलीज होगी फिल्म मिट्टी दे पुत्त जिसमें आएगी मिट्टी की खुशबू देव खरोड़
