करनाल, 5 फरवरी:- करनाल में रात अचानक गोलियों की आवाज से पूरा इलाका थर्रा उठा। फुसगढ़ गांव में एक ब्यूटी पार्लर और उसके ऊपर बने मकान को निशाना बनाकर दो बाइक सवार बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। हमले के वक्त घर में मौजूद महिलाएं बाल-बाल बच गईं, जबकि बदमाश वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए।
आधी रात 5 राउंड फायरिंग
घटना रात करीब 1 बजे की है। बदमाशों ने पहले ब्यूटी पार्लर पर और फिर उसके ऊपर बने मकान पर करीब 5 राउंड फायर किए। मकान के नीचे का हिस्सा परिवार ने किराये पर पार्लर के लिए दे रखा है। अचानक हुई फायरिंग से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
लोगों को देखकर भागे बदमाश
जैसे ही गोलियों की आवाज आई, आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए। खुद को घिरता देख बाइक सवार बदमाश मौके से भाग निकले। भागते वक्त भी उन्होंने फायरिंग की। घर और पार्लर की दीवारों पर गोलियों के कई छेद मिले हैं।
अमेरिका में रहने वाले बलकार का घर
जिस मकान को निशाना बनाया गया, वह बलकार लाठर का है, जो करीब तीन साल पहले डंकी रूट के जरिए अमेरिका गए थे। अमेरिका जाने में उन्होंने 40 से 50 लाख रुपये खर्च किए थे। फिलहाल वे वहां ड्राइवर का काम करते हैं। घर में उनकी मां राजपती और पत्नी सीमा रहती हैं, जो घटना के समय घर में मौजूद थीं।
परिवार और मोहल्ले में दहशत
फायरिंग के बाद से परिवार और मोहल्ले के लोग दहशत में हैं। लोगों का कहना है कि इलाके में इससे पहले कभी इस तरह की वारदात नहीं हुई थी। आधी रात गोलियों की आवाज से बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग सभी डर गए।
फिरौती या रंजिश की जांच
पुलिस इस घटना को फिरौती से जोड़कर भी देख रही है, हालांकि अभी तक किसी तरह की पुरानी रंजिश या धमकी की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि हर एंगल से जांच की जा रही है।
पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल से खाली कारतूस बरामद किए गए हैं। जांच अधिकारी विनोद ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि बदमाशों की पहचान की जा सके। केस दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की तलाश जारी है।
