हांसी, 03 अक्तूबर (दिनकर गावड़ी):- सेवा संकल्प अभियान के तहत महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आज हांसी क्षेत्र के रामलाल कॉलोनी, बाबा मिर्चूनाथ आश्रम, न्यू सुभाष नगर, ढाणी ठकरियां और सिंधड़ में आंगन मिलन महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रमों में महिलाओं, बच्चों और ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विभागीय सेवाओं की जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश महामंत्री गोपाल शर्मा बतौर मुख्य अतिथि तथा जिला अध्यक्ष अशोक सैनी, महामंत्री धर्मवीर रतेरिया, सीडीपीओ नीलम, हरिराम सैनी, सुरेंद्र कांगड़ा, जयकुमार पायलट, रामकुमार जेई, सुपरवाइजर सलोनी आदि भी उपस्थित रहे।
आंगन मिलन महोत्सव के दौरान महिलाओं द्वारा ‘नो-कॉस्ट रेसिपी’ का विशेष प्रदर्शन किया गया। महिलाओं ने कम से कम खर्च में उपलब्ध स्थानीय एवं घरेलू सामग्री से पौष्टिक व्यंजन तैयार करने की विधि साझा की। इस गतिविधि के माध्यम से परिवारों में संतुलित एवं पौष्टिक आहार को बढ़ावा देने तथा बच्चों के पोषण पर विशेष ध्यान देने का संदेश दिया गया।
प्रदेश महामंत्री गोपाल शर्मा ने कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं एवं ग्रामीणों से संवाद करते हुए महिला एवं बाल विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं और सेवाओं की जानकारी दी। उन्होंने महिलाओं को पात्रतानुसार सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने तथा बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण एवं शिक्षा को प्राथमिकता देने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में आंगनवाड़ी केंद्रों के बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। बच्चों ने ड्राइंग, कविता और अन्य रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इन गतिविधियों का उद्देश्य बच्चों में रचनात्मकता, आत्मविश्वास और अभिव्यक्ति की क्षमता को बढ़ावा देना रहा। कार्यक्रम में मौजूद अतिथियों ने बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।
महोत्सव के समापन अवसर पर आंगनवाड़ी केंद्रों पर समर्पण भाव से कार्य करने वाली आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं हेल्परों को प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त करने वाली कार्यकर्ताओं एवं हेल्परों ने इसे अपने कार्य के प्रति प्रोत्साहन बताते हुए विभागीय सेवाओं को और बेहतर तरीके से लोगों तक पहुंचाने का संकल्प व्यक्त किया।
जिला अध्यक्ष अशोक सैनी ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित इन कार्यक्रमों ने महिलाओं, बच्चों और ग्रामीणों को एक मंच पर जोड़ते हुए पोषण, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रभावी संदेश दिया।
इस दौरान संबंधित आंगनवाड़ी वर्कर, हेल्पर, सुपरवाइजर तथा महिलाएं और बच्चे उपस्थित रहे।
