श्रीनगर:- दक्षिण कश्मीर में आतंकवादियों द्वारा सुरक्षा बलों को निशाना बनाने की घटनाओं ने केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) को अपनी नाका ड्यूटी की सुरक्षा व्यवस्था पर नए सिरे से विचार करने के लिए मजबूर कर दिया है। कुलगाम के अखरान इलाके में 11 नवंबर को सीआरपीएफ के नाके पर हुए हमले में तीन जवानों के घायल होने के बाद बल ने घाटी में तैनात जवानों की सुरक्षा को लेकर सख्त एडवाइजरी जारी की है।
अब संवेदनशील नाका प्वाइंटों पर तैनात जवानों के लिए बुलेटप्रूफ जैकेट पहनना और सुरक्षित बंकरों का इस्तेमाल सुनिश्चित करना अनिवार्य होगा। सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी तरह की कमी को गंभीर लापरवाही माना जाएगा।
नई एडवाइजरी में स्पष्ट किया गया है कि आतंकवादियों के निशाने पर रहने वाले संवेदनशील स्थानों पर जवानों की तैनाती पुख्ता सुरक्षा प्रबंधों के साथ ही की जाए। नाका प्वाइंटों और स्थायी तैनाती वाले स्थानों पर बुलेटप्रूफ सुरक्षा मोर्चे उपलब्ध कराने के साथ-साथ पर्याप्त रोशनी और प्रभावी संचार व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
जवानों को ड्यूटी के दौरान निर्धारित सुरक्षा उपकरणों का इस्तेमाल करना होगा और आसपास की गतिविधियों पर लगातार नजर रखनी होगी।
सीआरपीएफ ने नाका ड्यूटी के दौरान जवानों की सतर्कता को लेकर भी विशेष निर्देश जारी किए हैं। ड्यूटी के समय मोबाइल फोन के अनावश्यक इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। केवल आधिकारिक जरूरत के अनुसार अधिकृत कर्मियों को ही मोबाइल फोन इस्तेमाल करने की अनुमति होगी। जवानों को निर्धारित सुरक्षा स्थिति में तैनात रहने, आसपास के इलाके पर निगरानी रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत साझा करने को कहा गया है। इसके अलावा नाका प्वाइंटों की मौजूदा सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा कर जहां जरूरत हो, वहां अतिरिक्त प्रबंध करने के निर्देश दिए गए हैं।
