रुद्रप्रयाग, उत्तराखंड:- उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में सोमवार देर रात बांसवाड़ा-मोहानखाल मोटर मार्ग पर एक बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। वाहन में करीब 10 लोग सवार थे। इस भीषण हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हो गए। यह वाहन पोखरी क्षेत्र से रांसी की ओर जा रहा था। हादसे की सूचना मिलते ही कोतवाली अगस्त्यमुनि पुलिस, राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) और जिला आपदा प्रतिवादन बल (डीडीआरएफ) की टीमें 108 एंबुलेंस के साथ मौके पर पहुंच गईं।
रुद्रप्रयाग के सीओ सहित पुलिस और बचाव दलों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। रात भर चले बचाव अभियान के दौरान सभी लोगों को खाई से बाहर निकाला गया। छह घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें से दो को मामूली चोटें आई हैं, जबकि चार को प्राथमिक उपचार के बाद बड़े अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया।
ऋषिकेश: फकोट के पास खाई में गिरा मैक्स वाहन, एक की मौत, चार घायल
उत्तराखंड के फकोट विकासखंड के बांस काटल गांव में एक मैक्स वाहन दुर्घटनाग्रस्त होकर खाई में जा गिरा। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को वाहन से बाहर निकाला गया और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
चारों घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
प्रधानमंत्री मोदी ने जताया दुख
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बस के भीषण हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वालों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। पीड़ित परिवारों के प्रति सहानुभूति व्यक्त करते हुए उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति और परिवारों को इस दुख को सहन करने की शक्ति मिलने की प्रार्थना की। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे घायलों का उचित इलाज सुनिश्चित करें और हादसे से प्रभावित लोगों तथा उनके परिवारों को हर संभव सहायता प्रदान करें।
