करनाल, 25 अक्तूबर: मनोकामना सिद्ध श्री वृंदावन धाम गौशाला सांभली में 30 अक्तूबर को गोपाष्टमी पर्व बड़े उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया जाएगा। गौशाला के प्रधान गौरव गर्ग के नेतृत्व में कमेटी के सदस्यों ने इस भव्य पर्व के लिए हरियाणा कृषि ग्रामीण विकास बैंक के चेयरमैन अमरपाल राणा सहित कई गणमान्य लोगों को आमंत्रित किया।
 गौरव गर्ग ने बताया कि सांभली गौशाला में गोपाष्टमी पर्व के अवसर पर हवन-यज्ञ, भजन, कीर्तन और गौसेवा को समर्पित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। दोपहर करीब 3 बजे भगवान श्री खाटू श्याम जी के संर्कीतन से कार्यक्रम की शुरूआत होगी। गौरव गर्ग ने सभी गांववासियों से कार्यक्रम में पहुंचने की अपील भी की। उन्होंने बताया कि गोपाष्टमी पर्व पर आयोजित कार्यक्रम में विधायक भगवानदास कबीरपंथी सहित कई गणमान्य व्यक्तियों को मुख्यातिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है। 
गौरव गर्ग ने यह भी जानकारी दी कि हरियाणा कृषि ग्रामीण विकास बैंक के चेयरमैन अमरपाल राणा के साथ गौशाला में चल रही व्यवस्थाएँ और सेवाओं पर विस्तार से चर्चा की गई और भविष्य में गौसेवा को और सुदृढ़ करने के उपायों पर भी विचार किया गया। इस अवसर पर गौशाला कमेटी के सदस्य प्रदीप राणा, सुशील शर्मा, कुलदीप राणा, धनसिंह राणा, रजत गर्ग, सतीश गर्ग, अमित गर्ग, मुकेश राणा, यशपाल राणा, ओमपाल राणा समेत कई अन्य सदस्य उपस्थित थे। 
गौरव गर्ग ने सभी नागरिकों से आग्रह किया कि वे इस पावन पर्व में भाग लेकर गौसेवा और धार्मिक आयोजन को सफल बनाएं। उन्होंने कहा कि गौशाला में आयोजित यह पर्व न केवल धार्मिक महत्त्व रखता है, बल्कि समाज में गौसेवा और सांस्कृतिक चेतना को बढ़ावा देने का अवसर भी प्रदान करता है।