हांसी:– जिला सचिवालय परिसर में उपायुक्त डॉ. राहुल नरवाल की अध्यक्षता में जिला सहकारी विकास समिति की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में सहकारिता विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की विस्तार से समीक्षा की गई तथा संबंधित एजेंडों पर गहन विचार-विमर्श किया गया।
बैठक के संयोजक सहायक रजिस्ट्रार सहकारी समितियां सत्यवान ने विभाग द्वारा जारी निर्देशों के अनुरूप विभिन्न एजेंडे प्रस्तुत किए। इस दौरान सहकारिता विभाग द्वारा चलाई जा रही योजनाओं और आमजन को प्रदान की जा रही सुविधाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में पेटवाड़ गांव में खाद बिक्री केंद्र स्थापित करने के लिए ग्राम पंचायत द्वारा भूमि आवंटन के विषय पर भी चर्चा हुई। इस संबंध में हिसार जिला केंद्रीय सहकारी बैंक लिमिटेड के प्रतिनिधि ने आवश्यक जानकारी प्रस्तुत की।
उपायुक्त डॉ. राहुल नरवाल ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि भारत सरकार द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार निर्धारित मापदंडों के अनुरूप विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर विभाग को प्रस्तुत की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि जो पीएसीएस (पैक्स) घाटे में चल रही हैं, उन्हें लाभ में लाने के लिए ठोस प्रयास किए जाएं।
बैठक के दौरान पैक्स के कम्प्यूटरीकरण की प्रगति की समीक्षा भी की गई। इसके साथ ही भारत सरकार के सहकारिता मंत्रालय द्वारा संचालित विभिन्न पहलों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए ताकि अधिक से अधिक लाभार्थियों को इसका फायदा मिल सके।