अमृतसर, 6 मई:- मानवता के साझा केंद्र सचखंड श्री हरमंदिर साहिब, श्री दरबार साहिब की पवित्रता, मर्यादा और अदब-सत्कार को कायम रखना हर किसी का कर्तव्य है। परिक्रमा के अंदर आने वाली संगत से कुछ व्लॉगर्स और मीडिया कर्मियों द्वारा बिना वजह सवाल-जवाब करने से दर्शन के लिए आई संगत को अक्सर परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसलिए मीडिया श्री दरबार साहिब की परिक्रमा के अंदर किसी से भी सवाल-जवाब करके वीडियो न बनाए।
यह विचार प्रकट करते हुए शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के मुख्य सचिव सरदार कुलवंत सिंह मन्नन ने कहा कि सचखंड श्री हरमंदिर साहिब में रोजाना लाखों की संख्या में संगत श्रद्धा के साथ नतमस्तक होने पहुंचती है। इस दौरान संगत से मीडिया द्वारा सवाल-जवाब करने से न केवल उनकी धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचती है, बल्कि परिक्रमा की पवित्र मर्यादा में भी विघ्न पड़ता है।
उन्होंने कहा कि श्री अकाल तख्त साहिब से पहले ही आदेश हैं कि श्री दरबार साहिब की परिक्रमा में किसी भी तरह की बातचीत का रिकॉर्ड या इंटरव्यू न लिया जाए। उन्होंने समूह मीडिया संस्थानों और पत्रकार भाईचारे से अपील की कि वे परिक्रमा के अंदर इंटरव्यू करने से बचें। यदि किसी मामले में संगत की प्रतिक्रिया लेना आवश्यक हो, तो यह कार्रवाई परिक्रमा से बाहर निर्धारित स्थानों पर ही की जाए।
उन्होंने कहा कि पिछले दिनों एक निजी चैनल द्वारा परिक्रमा में संगत के साथ रिकॉर्ड की जा रही बातचीत को जब सेवादारों ने रोका, तो उल्टा सेवादारों पर ही सवाल खड़े करना बेहद दुखद है। ऐसा करना ठीक नहीं है और मीडिया को नियमों का पालन करना चाहिए।
इसी बीच मुख्य सचिव सरदार कुलवंत सिंह मन्नन ने प्रेस और मीडिया घरानों से यह भी अपील की कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता तकनीक के दुरुपयोग से सचखंड श्री हरमंदिर साहिब, सिख गुरु साहिबान या सिख प्रतीकों से संबंधित तैयार की गई किसी भी अपमानजनक सामग्री को प्रसारित करने से गुरेज किया जाए। उन्होंने कहा कि यदि ऐसे मामलों की खबर देनी हो, तो वह सिर्फ तथ्यों की जानकारी तक सीमित रखी जाए और वीडियो या तस्वीरों को दिखाने या दोहराने से बचा जाए।
उन्होंने कहा कि मीडिया अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए ऐसी सामग्री के संबंध में संबंधित सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और आधिकारिक एजेंसियों के पास रिपोर्ट करने के लिए लोगों को प्रेरित करे। उन्होंने संगत से भी अपील की कि ऐसी सामग्री को आगे न बढ़ाएं, बल्कि उसे रिपोर्ट करें।
श्री दरबार साहिब की परिक्रमा में संगत से सवालजवाब या इंटरव्यू करने से गुरेज करे मीडिया सरदार मन्नन
