कुल्लू, 03 सितम्बर 2026:- आबकारी विभाग, जिला कुल्लू ने अवैध शराब के परिवहन एवं अंतरराज्यीय तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 500 पेटी बीयर, कुल 7,200 बोतलें, बरामद की हैं। बरामद बीयर पर “For Sale in Punjab” अंकित पाया गया।
विभागीय टीम ने 03 सितम्बर 2026 को प्रातः लगभग 7:40 बजे जरड नामक स्थान, DIET के समीप  (कुल्लू –मनाली फोरलेन) पर नियमित नाकाबंदी एवं निरीक्षण के दौरान वाहन संख्या HP-52-D-1812 को जांच के लिए रोका। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें भारी मात्रा में बीयर की पेटियां पाई गईं।
कार्रवाई के दौरान चालक से बरामद शराब के परिवहन के संबंध में आवश्यक पास, परमिट एवं अन्य वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया, लेकिन वह मौके पर कोई संतोषजनक एवं वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। प्रारंभिक जांच में बरामद बीयर पंजाब राज्य में बिक्री हेतु निर्धारित पाई गई।
बरामद बीयर का विवरण
क्रम ब्रांड मात्रा
1. Tuborg Strong (650 ml) 294 पेटी
2. Budweiser Magnum (500 ml) 100 पेटी
3. Kingfisher Strong (650 ml) 106 पेटी
कुल 500 पेटी
बरामद कुल 500 पेटियों में 4,800 बोतलें 650 ml तथा 2,400 बोतलें 500 ml की हैं, अर्थात कुल 7,200 बोतलें बरामद की गईं।
यह कार्रवाई सहायक राज्य कर एवं आबकारी अधिकारी  श्री सुरेश शर्मा, सहायक राज्य कर एवं आबकारी अधिकारी बंजार वृत्त गंगा राम, आबकारी पुलिस आरक्षी अशोक कुमार तथा चालक सुरेश कुमार की टीम द्वारा की गई।
विभागीय कार्रवाई के उपरांत मामले में भुंतर थाना में FIR दर्ज करवाई गई है तथा प्रकरण को पुलिस को अग्रिम कानूनी कार्रवाई एवं जांच हेतु प्रेषित कर दिया गया है। बरामद शराब एवं संबंधित वाहन को नियमानुसार कब्जे में लिया गया है। मामले में हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम, 2011 की धारा 39(1) के तहत आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।