करनाल:- जिला पुलिस करनाल द्वारा पी.ओ./बेल जंपरों की धरपकड़ के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सीआईए-2 स्टाफ की टीम ने एक बेल जंपर आरोपी को गिरफ्तार करने में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है।
यह कार्रवाई सीआईए-2 टीम द्वारा उप निरीक्षक देवेंद्र सिंह के नेतृत्व में सहायक उप निरीक्षक फ़कीर चंद की अध्यक्षता में गठित पुलिस टीम ने अमल में लाई। पुलिस टीम ने आरोपी कुलजीत उर्फ बिल्ला पुत्र स्वर्गीय सुरेश सिंह निवासी गुरु नानकपुरा थाना रामनगर, करनाल हाल निवासी इस्लामपुर थाना शहर राजपुरा, पंजाब को विधि अनुसार गिरफ्तार किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपी के खिलाफ दिनांक 22 दिसंबर 2016 को थाना वूमेन करनाल में पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। मामले में पुलिस द्वारा आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया था, जहां से आरोपी को दिनांक 06 दिसंबर 2017 को 10 वर्ष की सजा सुनाई गई थी। आरोपी यह सजा जिला जेल करनाल में भुगत रहा था।
उक्त मामले में आरोपी को 04 सप्ताह की पैरोल पर अस्थायी रूप से रिहा किया गया था तथा उसे निर्देशित किया गया था कि वह पैरोल अवधि समाप्त होने के उपरांत जिला जेल करनाल में आत्मसमर्पण करे। लेकिन दोषी कुलजीत उर्फ बिल्ला नियत समय पर जेल में उपस्थित नहीं हुआ तथा पैरोल से फरार हो गया और लगातार फरार चल रहा था।
आरोपी की गैरहाजिरी और आदेशों की अवहेलना को गंभीरता से लेते हुए दिनांक 03 मई 2022 को आरोपी के खिलाफ थाना रामनगर में मुकदमा नंबर 157, धारा 8/9 हरियाणा सदाचारी अस्थाई रिहाई पैरोल एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम द्वारा लगातार की जा रही तलाश, गुप्त सूचना एवं तकनीकी जांच के आधार पर आरोपी को राजपुरा, पंजाब से गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त हुई।
गिरफ्तार आरोपी को आज माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।