करनाल, 17 जून- जिला पुलिस करनाल द्वारा अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सीआईए-1 टीम ने एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल करते हुए हॉस्पिटल से फरार 5 हजार रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार किया है। टीम द्वारा पुलिस अधीक्षक करनाल के दिशा-निर्देशों के अनुसार कार्यवाही करते हुए सीआईए-1 इंचार्ज निरीक्षक संदीप सिंह के नेतृत्व में सहायक उप निरीक्षक मदन सिंह की अध्यक्षता में टीम ने तकनीकी विश्लेषण एवं गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी गुरजीत सिंह पुत्र सरबजोत सिंह निवासी गांव छज्जू माजरा, खरड़ जिला मोहाली (पंजाब), हाल निवासी ए-30 मोहन गार्डन, हस्तसाल, दिल्ली को अंबाला-राजपुरा रोड स्थित टोल प्लाजा के नजदीक से विधि अनुसार गिरफ्तार किया।
जांच अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी ने 2 मई 2026 की रात्रि को थाना तरावड़ी क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग के समीप स्थित एक पेट्रोल पंप पर हथियार के बल पर लूट की वारदात को अंजाम दिया था। घटना के बाद पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई के दौरान आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया था तथा उपचार हेतु कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उपचार के दौरान आरोपी पुलिस को चकमा देकर अस्पताल से फरार हो गया था।
आरोपी के फरार होने के बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक करनाल के निर्देशानुसार जिला पुलिस की विभिन्न टीमों को उसकी गिरफ्तारी के लिए लगाया गया था। लगातार प्रयासों के बावजूद आरोपी गिरफ्त से बाहर था, जिसके चलते माननीय पुलिस महानिरीक्षक, करनाल रेंज, करनाल द्वारा आरोपी की गिरफ्तारी पर 5 हजार रुपये का नकद इनाम घोषित किया गया था।
सीआईए-1 टीम ने लगातार तकनीकी निगरानी और गुप्त सूचना तंत्र को सक्रिय रखते हुए आरोपी की लोकेशन ट्रेस की और योजनाबद्ध कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की।
फिलहाल गिरफ्तार आरोपी को नियमानुसार माननीय न्यायालय में पेश कर एक दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है। दौराने रिमांड आरोपी से गहन पूछताछ कर मामले में आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
