हांसी (दिनकर गावड़ी):- भारतीय जनता पार्टी जिला हांसी की ओर से शुक्रवार को जिला अध्यक्ष अशोक सैनी की अध्यक्षता में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत चुनाव सुधारों एवं मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर प्रेस वार्ता आयोजित की गई। हरियाणा सरकार के मंत्री एवं मुख्य वक्ता महिपाल ढांडा ने हांसी के लोकप्रिय विधायक विनोद भयाना की विशेष उपस्थिति में प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कांग्रेस और विपक्ष पर तीखे प्रहार किए।

भाजपा जिला मीडिया प्रभारी विक्रम चोपड़ा ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रेस वार्ता का उद्देश्य चुनाव सुधारों, SIR की संवैधानिक प्रक्रिया और लोकतंत्र की मजबूती को लेकर आमजन के सामने सही तथ्य रखना तथा विपक्ष द्वारा फैलाए जा रहे भ्रम का जवाब देना था।

इस प्रेस वार्ता के दौरान महिपाल ढांडा ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव व्यवस्था के साथ मतदाता सूची का शुद्ध एवं अद्यतन होना बेहद आवश्यक है। SIR एक संवैधानिक और नियमित प्रक्रिया है, जिसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि मतदाता सूची में केवल पात्र नागरिकों के नाम रहें और किसी भी अपात्र व्यक्ति को इसमें स्थान न मिले। संसद देश में विचार-विमर्श का सबसे बड़ा मंच है और भाजपा किसी भी विषय पर चर्चा से कभी पीछे नहीं हटती, लेकिन कांग्रेस चर्चा करने के बजाय बहिष्कार और हंगामे का रास्ता अपनाती है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस SIR जैसी पारदर्शी प्रक्रिया का विरोध करके घुसपैठियों और अपात्र लोगों के नाम मतदाता सूची में बनाए रखना चाहती है। उन्होंने कहा कि SIR की प्रक्रिया कोई नई नहीं है। देश में अब तक 12 बार यह प्रक्रिया हो चुकी है, जिनमें से 10 बार कांग्रेस की सरकार रही है। वर्ष 1952 से 2002-03 तक अलग-अलग समय पर इसका संचालन किया गया। इनमें से अधिकांश समय केंद्र में कांग्रेस की सरकारें थीं। उस समय कांग्रेस ने इस प्रक्रिया पर कोई सवाल नहीं उठाया, लेकिन आज राजनीतिक स्वार्थ के चलते इसका विरोध किया जा रहा है।

महिपाल ढांडा ने बताया कि SIR की प्रक्रिया में प्रशासनिक अधिकारियों, आईएएस अधिकारियों, बूथ लेवल ऑफिसर (BLO), BLO-2 तथा सभी राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट (BLA-2) की भागीदारी रहती है। इस व्यापक सहभागिता का उद्देश्य प्रक्रिया को पारदर्शी, निष्पक्ष और विश्वसनीय बनाना है। ऐसे में बिना तथ्यों को समझे इस प्रक्रिया पर सवाल उठाना और जनता के बीच भ्रम फैलाना उचित नहीं है।

कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस भारत विरोधी ताकतों के एजेंडे पर काम कर रही है। ये ताकतें समय-समय पर नए-नए एजेंडे सामने लाती हैं और कांग्रेस उन एजेंडों के माध्यम से देश में अशांति और अराजकता फैलाने का प्रयास करती है। नेपाल में हुए सत्ता परिवर्तन का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि भारत में लोकतांत्रिक तरीके से चुनी हुई सरकार है। विपक्ष को लोकतांत्रिक मर्यादाओं और अपने अधिकार क्षेत्र में रहकर अपनी बात रखनी चाहिए, न कि अराजकता फैलाकर जनता को भ्रमित करने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने विश्वास जताया कि देश की जनता ऐसी ताकतों को पहचान चुकी है, जो देश की एकता और लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करना चाहती हैं।

ईवीएम को लेकर विपक्ष के आरोपों का जवाब देते हुए शिक्षा मंत्री ने कहा कि इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन के उपयोग की कानूनी प्रक्रिया राजीव गांधी के कार्यकाल में शुरू हुई थी। वर्ष 2004 में कांग्रेस ने भी ईवीएम के माध्यम से हुए चुनाव में जीत हासिल की थी। उस समय कांग्रेस को ईवीएम पर कोई आपत्ति नहीं थी, लेकिन जब भाजपा को जनता का समर्थन मिलता है तो कांग्रेस चुनाव प्रक्रिया और संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाने लगती है। यह कांग्रेस का दोहरा रवैया है।

हाल ही में देशभर में बैलेट पेपर से हुए एमएलसी चुनावों का उल्लेख करते हुए महिपाल ढांडा ने कहा कि बैलेट पेपर से चुनाव होने के बावजूद हर जगह कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ रहा है और भाजपा को जनता का समर्थन मिल रहा है। इससे स्पष्ट है कि चुनाव में हार का कारण ईवीएम या चुनाव प्रक्रिया नहीं, बल्कि जनता का जनादेश होता है। कांग्रेस को बार-बार चुनावी हार के लिए ईवीएम और चुनाव आयोग को दोष देने के बजाय आत्ममंथन करना चाहिए। बैलेट पेपर से चुनाव होने पर भी यदि जनता कांग्रेस को नकार रही है, तो उसे अपनी नीतियों और कार्यशैली पर विचार करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के सभी निर्णय जनहित और राष्ट्रहित को ध्यान में रखकर लिए जाते हैं। विपक्ष का दायित्व है कि वह तथ्यों के आधार पर अपनी बात रखे, न कि भ्रामक प्रचार के जरिए संवैधानिक संस्थाओं के प्रति अविश्वास पैदा करे। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे भ्रामक खबरों और राजनीतिक प्रचार से सावधान रहें तथा संविधान और लोकतंत्र को कमजोर करने वाली ताकतों के एजेंडे का हिस्सा न बनें।

अंत में महिपाल ढांडा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी लोकतंत्र, संविधान और राष्ट्रहित के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। चुनाव सुधारों और मतदाता सूची के शुद्धिकरण जैसी प्रक्रियाएं लोकतंत्र को अधिक मजबूत, पारदर्शी और विश्वसनीय बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।

इस प्रेस वार्ता के दौरान जिला महामंत्री धर्मवीर रतेरिया, पूर्व मार्केट कमेटी चेयरमैन राजपाल यादव, जिला सचिव ओमपाल यादव, मीडिया सह प्रभारी कमल हिंदुजा, कपिल गुराना, मंडल अध्यक्ष तनुज खुराना, श्याम खांडा, रामफल बुरा, जिलाध्यक्ष युवा मोर्चा सुखविंदर जाखड़ एवं अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।